जमशेदपुर में देर रात खड़ी कार बनी आग का गोला, वास्तु विहार में मची अफरा-तफरी; बाल-बाल बचे लोग
जमशेदपुर। डिमना रोड स्थित वास्तु विहार आवासीय परिसर में देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब घरों के पास शेड के नीचे खड़ी एक सफेद कार अचानक आग की लपटों से घिर गई। देखते ही देखते कार के अगले हिस्से में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर सोसायटी के लोग दहशत में आ गए। रात में ही लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
जानकारी के अनुसार, कार आवासीय परिसर के अंदर घरों के बिल्कुल करीब खड़ी थी। देर रात अचानक कार से धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में आग भड़क उठी। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के लोगों को कार में ब्लास्ट होने का भी डर सताने लगा। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए स्थानीय निवासियों ने तत्काल कार के आसपास खड़ी दूसरी गाड़ियों को वहां से हटाना शुरू कर दिया, ताकि आग की चपेट में अन्य वाहन और आसपास के मकान न आ जाएं।
बाल्टी से पानी डालकर लोगों ने खुद बुझाई आग
आग बुझाने के लिए सोसायटी के लोगों ने अपने स्तर पर काफी मशक्कत की। स्थानीय लोगों ने बाल्टी और अन्य साधनों से पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इस दौरान लोगों में अग्निशमन विभाग की कार्यशैली को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली। निवासियों का आरोप है कि दमकल विभाग को कई बार फोन किया गया, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया और दमकल की गाड़ी भी मौके पर नहीं पहुंची। लोगों को खुद ही आग बुझाने के लिए आगे आना पड़ा।
इस घटना में कार का बड़ा हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि स्थानीय लोगों की सतर्कता से आग आसपास खड़ी दूसरी गाड़ियों और मकानों तक नहीं पहुंची। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
फिलहाल कार में आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस घटना ने एक बार फिर आवासीय परिसरों में अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन स्थिति में दमकल सेवा की उपलब्धता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

