रंगदारी के लिए जमशेदपुर में जेवर व्यव्सायी को अपराधियों ने मारी गोली

जमशेदपुर। झारखण्ड के जमशेदपुर में उलीडीह थाना क्षेत्र के खानकाह में राजा और थापा नाम के दो अपराधियों व उसके लोगों ने रंगदारी के लिए अजय ज्वेलरी के मालिक अजय वर्मा को गोली मार दी है।अजय वर्मा को गोली उसकी गर्दन के आसपास लगी है। उसे एमजीएम लाया गया, जहां से उसकी हालत की गम्भीरता को देखते हुये डॉक्टरों ने उसे टीएमएच रेफर कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने सदलबल मौके पर पहुँचकर छानबीन शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि घटना को अंजाम देने वाले 8-9 लड़के थे। सभी बाइक पर थे और गोली मारने के बाद फरार हो गए। अजय बर्मा की दुकान शंकोसाई में है, लेकिन उसका आवास खनकाह में है। घटना घर के पास हुई है। अजय वर्मा का कहना है कि राजा और थापा ने उससे 22 मई को रंगदारी की मांग की थी और उसे धमकी दी थी। उसने कहा था कि वह इतना बड़ा व्यापारी नहीं है। वह पैसा नहीं दे पाएगा, तो उसे बार-बार धमकी दी गई। बकौल अजय वर्मा इसकी शिकायत उसने उलीडीह थाना प्रभारी महेंद्र मंडल से की थी। लेकिन महेंद्र मंडल ने उसकी शिकायत पर कोई ध्यान नहीं दिया। अजय वर्मा के अनुसार थाना प्रभारी द्वारा उल्टा यह कहने लगे कि कोई प्रमाण है तो बताओ। सीसीटीवी फुटेज वगैरह है तो दिखाया जाए। नतीजतन आज अपराधियों ने अजय वर्मा पर जानलेवा हमला किया। उसकी हालत गंभीर है और उसकी जान खतरे में है।