तीन मासूमों की तलाश में 8 टीमें,राँची पुलिस ने बरौनी से किया सफल रेस्क्यू….समाज और अभिभावकों के लिए बड़ा संदेश..

राँची।राजधानी राँची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित कडरू से लापता हुए तीन मासूम बच्चों को राँची पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर बिहार के बरौनी से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तकनीकी जांच और लगातार प्रयासों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि समय पर की गई कार्रवाई कई परिवारों की खुशियां लौटाने में अहम भूमिका निभाती है।
राँची पुलिस के अनुसार, 28 जून की रात करीब 11:30 बजे सूचना मिली कि कडरू निवासी 12 वर्षीय बेलाल अकम, 10 वर्षीय मान अंसारी और 10 वर्षीय सूरज महतो खेलते-खेलते लापता हो गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए अरगोड़ा थाना में कांड संख्या 157/2026 दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान जिलेभर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। तकनीकी विश्लेषण में पता चला कि तीनों बच्चे शाम करीब पांच बजे स्वेच्छा से जाते हुए कैमरों में दिखाई दिए। इसके बाद एसएसपी राकेश रंजन के निर्देष पर सिटी एसपी पारस राणा ने पुलिस की आठ विशेष टीमों का गठन कर लगातार तलाश अभियान चलाया। आखिरकार बच्चों को बरौनी (बिहार) से मुजफ्फरपुर जनसेवा एक्सप्रेस में सकुशल बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वे अपनी मर्जी से घूमने निकल गए थे। राहत की बात यह रही कि तीनों सुरक्षित अपने परिजनों तक पहुंच गए।
सिर्फ पुलिस नहीं, समाज की भी जिम्मेदारी
यह घटना केवल एक सफल पुलिस कार्रवाई की कहानी नहीं है, बल्कि समाज और अभिभावकों के लिए भी एक गंभीर चेतावनी है। आज के दौर में बच्चे बिना किसी को बताए घर से निकल जाते हैं, जो उनके लिए बड़े खतरे का कारण बन सकता है। कुछ घंटों की लापरवाही भी किसी परिवार को गहरे संकट में डाल सकती है।
राँची पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की दिनचर्या, मित्र मंडली, मोबाइल उपयोग और आवाजाही पर नियमित नजर रखें। बच्चों के साथ खुलकर संवाद करें, ताकि वे बिना बताए कहीं जाने जैसी स्थिति से बचें।
राँची पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी दक्षता ने तीन परिवारों की खुशियां लौटा दीं। वहीं यह घटना पूरे समाज को यह संदेश भी देती है कि बच्चों की सुरक्षा केवल पुलिस की नहीं, बल्कि परिवार और समाज की साझा जिम्मेदारी है।

