राँची के चर्च कॉम्प्लेक्स के पास आतंक मचाने वाला कुख्यात ‘चाई’ गिरफ्तार, 10 कांडों का कुख्यात अपराधी अब सलाखों के पीछे..

राँची।राजधानी राँची के व्यस्त व्यावसायिक इलाका रतन पीपी और चर्च कॉम्प्लेक्स इलाके के दुकानदारों के लिए राहत की बड़ी खबर है। इन इलाकों में रंगदारी और गाली-गलौज से आतंक मचाने वाले शातिर अपराधी मो० साजिद उर्फ चाई को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।व्यापारियों की सुरक्षा को चुनौती देने वाले इस अपराधी के पास से दो धारदार चाकू जैसे दिखने वाले ब्लेड भी बरामद किए गए हैं।
इस अपराधी का खौफ इस कदर था कि परेशान दुकानदारों ने आपातकालीन नंबर 112 पर फोन करके पुलिस से मदद की गुहार लगाई थी। इसी बीच खोरा टोली निवासी दुकानदार एनामुल हक उर्फ मुन्ना ने लोअर बाजार थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 30 वर्षीय मो.साजिद उर्फ चाई ने उनके साथ न सिर्फ बेरहमी से मारपीट कर उन्हें जख्मी कर दिया, बल्कि उनसे मोटी रंगदारी की भी मांग की।
शिकायत मिलते ही राँची के वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के कड़े निर्देश पर लोअर बाजार थाना में नई भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत कांड संख्या 115/2026 दर्ज किया गया और त्वरित कार्रवाई शुरू की गई।
लोअर बाजार पुलिस ने घेराबंदी करके आरोपी मो.साजिद उर्फ चाई को धर दबोचा। पकड़ा गया आरोपी मूल रूप से हजारीबाग के ईचाक का रहने वाला है, जो फिलहाल जगरनाथपुर इलाके के पुन्दाग में छिपकर रह रहा था और वारदातों को अंजाम दे रहा था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार साजिद उर्फ चाई एक आदतन अपराधी है और इसके खिलाफ राँची जिले के विभिन्न थानों में पहले से ही कुल 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस सफल छापेमारी को अंजाम देने वाली टीम में लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार सिंह,दरोगा संतोष कुमार रजक,सुधीर बाडा,जमादार सत्यनारायण कुमार और थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे, जिन्होंने तत्परता दिखाते हुए इस शातिर रंगदार को दबोच लिया।

