NTPC टंडवा में मौत बनकर गिरा भारी काउंटर वेट, तीन मजदूरों की मौके पर मौत, दो घायल; एक की हालत गंभीर

 

चतरा।झारखण्ड के चतरा जिले के टंडवा स्थित एनटीपीसी परियोजना में बुधवार को निर्माण कार्य के दौरान एक भीषण हादसे ने तीन मजदूरों की जान ले ली। निर्माणाधीन पाइप कन्वेयर-2 पर काम के दौरान अचानक भारी-भरकम काउंटर वेट नीचे आ गिरा। इसकी चपेट में आने से पांच मजदूर गंभीर रूप से प्रभावित हुए। हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। घायलों में एक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है। इस घटना के बाद परियोजना परिसर में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

वजन डालने के दौरान अचानक टूटकर नीचे गिरा काउंटर वेट

मिली जानकारी के अनुसार, एनटीपीसी परियोजना के निर्माणाधीन पाइप कन्वेयर-2 में काउंटर वेट पर वजन डालने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक भारी काउंटर वेट नीचे गिर गया। वहां काम कर रहे पांच मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि मजदूरों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। घटना में टंडवा निवासी राजू सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अन्य प्रभावित मजदूरों को तत्काल एनटीपीसी प्रबंधन की ओर से संजीवनी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने दो अन्य मजदूरों को भी मृत घोषित कर दिया।

तीन परिवारों में पसरा मातम

हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों की पहचान बिहार निवासी बबलू सिंह (40 वर्ष), हजारीबाग निवासी बालेश्वर पासवान (42 वर्ष) और टंडवा निवासी राजू सोनू के रूप में हुई है। तीन मजदूरों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजनों और परिचितों में मातम पसर गया। रोजी-रोटी के लिए परियोजना में काम करने पहुंचे मजदूरों की इस तरह मौत से स्थानीय लोग भी स्तब्ध हैं।

एक गंभीर घायल राँची रेफर, दूसरे का अस्पताल में इलाज

हादसे में घायल दो मजदूरों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। इनमें एक मजदूर की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया है। वहीं, दूसरे घायल मजदूर का इलाज एनटीपीसी के संजीवनी अस्पताल में चल रहा है। जिला प्रशासन और परियोजना प्रबंधन की ओर से घायलों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया शोक

एनटीपीसी परियोजना में हुए इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे से प्रभावित लोगों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। जिला प्रशासन घायलों को हरसंभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने मरांग बुरु से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

मुआवजे की मांग पर अड़े स्थानीय लोग, प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश

हादसे के बाद परियोजना क्षेत्र में स्थानीय लोगों का आक्रोश भी सामने आया है। तीन मजदूरों की मौत से नाराज लोग मृतकों के परिजनों के लिए उचित मुआवजे की मांग को लेकर मौके पर डटे हुए हैं। स्थानीय लोगों ने एनटीपीसी प्रबंधन पर सवाल उठाते हुए हादसे के लिए जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। फिलहाल मुआवजे की मांग को लेकर परियोजना स्थल पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

निर्माणाधीन पाइप कन्वेयर-2 में काम के दौरान इतना भारी काउंटर वेट आखिर किन परिस्थितियों में नीचे गिरा, यह बड़ा सवाल है। निर्माण कार्य के दौरान मजदूरों की सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम किए गए थे और हादसे की वजह तकनीकी चूक थी या सुरक्षा मानकों की अनदेखी, इसकी जांच महत्वपूर्ण होगी। तीन मजदूरों की मौत के बाद अब परियोजना की सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

 

error: Content is protected !!