ड्यूटी से घर लौटे सांसद के सुरक्षाकर्मी ने रात में दी जान, छत के कमरे में चली गोली
डेस्क/रोहतक। हरियाणा के रोहतक से एक दुखद घटना सामने आई है। लोकसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा की सुरक्षा में तैनात एएसआई और उनके पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (PSO) प्रदीप ने बुधवार देर रात अपने ही घर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उन्होंने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान गांव मोखरा निवासी एएसआई प्रदीप पुत्र चंद्र के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार शाम ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह घर लौटे थे। रात में वह मकान की छत पर बने एक कमरे में अकेले बैठे हुए थे। इसी दौरान कमरे से गोली चलने की आवाज आई। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो प्रदीप खून से लथपथ हालत में पड़े थे।परिजन आनन-फानन में उन्हें लेकर निजी अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
पुलिस ने शुरू की जांच, आत्महत्या की वजह अब भी अनसुलझी
घटना की सूचना मिलते ही बहुअकबरपुर थाना पुलिस गांव मोखरा पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया है। गुरुवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।थाना प्रभारी जसबीर के अनुसार, गांव मोखरा में एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि सांसद की सुरक्षा में तैनात रहने वाले एएसआई प्रदीप ने आखिर इतना बड़ा कदम क्यों उठाया? क्या वह किसी व्यक्तिगत या पारिवारिक परेशानी से जूझ रहे थे अथवा इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी? पुलिस इन तमाम पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल घटनास्थल से किसी सुसाइड नोट की बरामदगी की जानकारी सामने नहीं आई है। आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।

