50 लाख की रंगदारी के लिए स्कूल पर 18 राउंड फायरिंग, दीवार पर चिपकाया धमकी भरा पोस्टर

 

मुजफ्फरपुर। कांटी में अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए स्कूल को ही निशाना बना डाला। थर्मल पावर स्टेशन के ठीक सामने स्थित चंद्रशील स्कूल की चारदीवारी पर देर रात बदमाशों ने ताबड़तोड़ 18 राउंड फायरिंग की। गोलियों की आवाज से आसपास का इलाका थर्रा उठा। फायरिंग के बाद अपराधियों ने स्कूल की दीवार पर हस्तलिखित ‘चेतावनी संदेश’ चिपकाया, जिसमें स्कूल प्रबंधन से 50 लाख रुपये की रंगदारी तैयार रखने को कहा गया है।पोस्टर में रकम नहीं देने और पुलिस को सूचना देने की स्थिति में गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है। अपराधियों ने यह भी चेतावनी दी है कि उनकी गतिविधियों पर नजर है और चालाकी करने पर गोलियों से उड़ा देने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

पहले गोलियां बरसाईं, फिर छोड़ गए 50 लाख का फरमान
बताया जा रहा है कि देर रात हथियारों से लैस बदमाश स्कूल के पास पहुंचे। इसके बाद उन्होंने स्कूल की बाउंड्री और गेट को निशाना बनाकर लगातार फायरिंग शुरू कर दी। करीब 18 गोलियां चलने से इलाके में दहशत फैल गई। घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने दीवार और आसपास गोलियों के निशान देखे।फायरिंग के बाद बदमाशों ने जो पोस्टर चिपकाया, उसमें ऊपर बड़े अक्षरों में ‘चेतावनी संदेश’ लिखा है। आगे स्कूल प्रबंधन से 50 लाख रुपये तैयार रखने की बात कही गई है। पोस्टर में धमकी भरे अंदाज में लिखा गया है कि अगली बार बातचीत के लिए संपर्क नहीं किया जाएगा और रकम नहीं मिलने पर अंजाम भुगतना पड़ेगा।

पोस्टर में पुलिस तक पहुंचने पर भी धमकी
धमकी भरे संदेश में अपराधियों ने स्कूल प्रबंधन को डराने की कोशिश करते हुए कहा है कि उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पोस्टर में पुलिस तक शिकायत या कार्रवाई की कोशिश करने पर भी गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है। इससे पुलिस को आशंका है कि वारदात के पीछे कोई संगठित रंगदारी गिरोह हो सकता है।

18 खोखे बरामद, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही कांटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और 18 खोखे बरामद किए। धमकी भरे पोस्टर को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस अब पोस्टर को जांच का अहम साक्ष्य मानकर अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।स्कूल परिसर के साथ आसपास के इलाके और नेशनल हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस को आशंका है कि अपराधी बाइक से पहुंचे थे। कैमरों में कैद संदिग्धों की गतिविधियों और भागने वाले रास्ते के आधार पर उनकी पहचान की कोशिश की जा रही है।

स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों में खौफ
शिक्षण संस्थान पर इस तरह गोलीबारी और 50 लाख रुपये की रंगदारी की मांग से स्कूल प्रबंधन,शिक्षक,कर्मचारी और अभिभावकों में भय का माहौल है।घटना के बाद स्कूल के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है।कांटी थानाध्यक्ष के अनुसार, अपराधियों की पहचान के लिए पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि रंगदारी की रकम किसके इशारे पर मांगी गई और इस वारदात के पीछे कौन सा गिरोह सक्रिय है।

 

error: Content is protected !!