अपराधियों की गोली से घायल हुआ व्यापारी, हिम्मत नहीं हारी..एक अपराधी ग्रामीणों के हत्थे चढ़ा, दूसरा फरार…

–शटर गिराकर व्यापारी को मारी गोली, 50 हजार लूटे: मनोहरपुर में दो नकाबपोश बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम

चाईबासा/मनोहरपुर। मनोहरपुर थाना क्षेत्र के सिमीरता गांव में शनिवार की देर रात करीब 10 बजे लूट की वारदात के दौरान बर्तन व्यापारी को गोली मारने का मामला सामने आया है। दो नकाबपोश अपराधियों ने दुकान का शटर गिराकर हथियार के बल पर करीब 50 हजार रुपये नकद लूट लिए। विरोध करने पर अपराधियों ने व्यापारी के पेट में गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।ग्रामीणों के हत्थे चढ़ा अपराधी

घायल व्यापारी की पहचान मुर्शिदाबाद निवासी सुरजीत दास (39) के रूप में हुई है। सुरजीत दास अपने साले संजय दास और साथी कृष्णा प्रामाणिक के साथ सिमीरता गांव में किराये की दुकान लेकर बर्तन का कारोबार करते हैं।घायल दुकानदार

जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 10 बजे दो नकाबपोश अपराधी दुकान में पहुंचे। अपराधियों ने पहले दुकान का शटर गिरा दिया और हथियार के बल पर दुकान में मौजूद लोगों को अपने कब्जे में लेकर नकदी की मांग की। बदमाशों ने करीब 50 हजार रुपये लूट लिए।बताया जा रहा है कि लूट का विरोध करने पर अपराधियों ने सुरजीत दास पर गोली चला दी। गोली उनके पेट में लगी और वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। इसके बावजूद दुकान में मौजूद लोगों ने हिम्मत नहीं हारी।

घटना के बाद सुरजीत दास और उनके साथियों ने साहस दिखाते हुए एक अपराधी को पकड़ लिया। वहीं दूसरा बदमाश लूटे गए रुपये लेकर मौके से फरार होने में सफल रहा। पकड़े गए आरोपी को देखकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर बांध दिया और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मनोहरपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया।

पुलिस ने घटनास्थल की जांच के दौरान एक पिस्तौल और मैगजीन बरामद की है। पुलिस ने घायल व्यापारी सुरजीत दास के साथ पकड़े गए आरोपी को भी अस्पताल पहुंचाया। व्यापारी की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है।

इधर, घटना के बाद पुलिस फरार दूसरे अपराधी की तलाश में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में शामिल दोनों अपराधी कौन हैं और क्या उनका इस इलाके में पहले से कोई आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। साथ ही पुलिस लूटे गए रुपये और फरार आरोपी के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

इस पूरी घटना में सबसे अहम बात यह रही कि गोली लगने के बावजूद व्यापारी और उसके साथियों ने हिम्मत नहीं छोड़ी और एक अपराधी को पकड़ लिया। बाद में ग्रामीणों ने भी तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। यदि दूसरा अपराधी भी जल्द पकड़ा जाता है तो पुलिस को पूरी वारदात की कड़ियां जोड़ने में मदद मिल सकती है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

 

error: Content is protected !!