हजारीबाग:मुठभेड़ से लेकर मोबाइल बरामदगी तक बेहतर काम करने वाले पुलिस अधिकारी/पुलिसकर्मी सम्मानित

 

हजारीबाग। जिले में अपराध नियंत्रण, मुठभेड़ में साहसिक कार्रवाई, लूट-छिनतई गिरोह के उद्भेदन और चोरी हुए मोबाइल की बरामदगी में बेहतर कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को हजारीबाग पुलिस अधीक्षक ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है। यह सम्मान 12 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दिया गया।

पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार 30 जुलाई 2026 को बड़कागांव थाना क्षेत्र में प्रिंस खान गैंग से जुड़े अपराधियों और हजारीबाग पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में एक अपराधी को हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया था। इस कार्रवाई में साहस और धैर्य का परिचय देते हुए कर्तव्यों का बेहतर ढंग से निर्वहन करने वाले कुल 28 पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को सम्मानित किया गया। इनमे एसडीपीओ अमित आनंद समेत बड़कागांव, केरेडारी और अन्य थाना व पुलिस शाखाओं के अधिकारी-जवान शामिल हैं।

इसके अलावा 8 अगस्त 2026 को बड़कागांव थाना क्षेत्र में राहुल दुबे/प्रिंस खान गैंग से जुड़े अपराधियों के साथ हुई मुठभेड़ में हथियार के साथ एक अपराधी की गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभाने वाले 19 पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को भी प्रशस्ति पत्र दिया गया।

24 जुलाई 2026 को केरेडारी थाना क्षेत्र में राहुल दुबे गैंग से जुड़े अपराधियों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में एक अपराधी को हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया था। इस कार्रवाई में शामिल 23 पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को भी उनके साहस, धैर्य और बेहतर कर्तव्य निर्वहन के लिए सम्मानित किया गया।

हजारीबाग पुलिस ने CEIR पोर्टल के जरिए जनवरी से अगस्त 2026 तक 326 गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक धारकों को सौंपे। इसमें अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) अमित कुमार ने 326 मोबाइल बरामद कराए। वहीं आगो थाना के दीपक कुमार ने साइबर थाना में कार्य करते हुए 326 मोबाइल बरामद किए, जबकि कोर्रा थाना प्रभारी ने 58 मोबाइल बरामद किए।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बरही अनुमंडल क्षेत्र के स्कूल-कॉलेज, सार्वजनिक स्थानों और छात्र-छात्राओं, युवाओं एवं आम लोगों के बीच नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान में बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर सहित कई पुलिस पदाधिकारी शामिल रहे।

6 सितंबर 2026 को पदमा ओपी क्षेत्र में एक सेवानिवृत्त शिक्षक को अज्ञात अपराधी द्वारा गोली मारकर घायल किए जाने के मामले के सफल उद्भेदन, आरोपी की गिरफ्तारी और हथियार बरामद करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिस अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर, पुलिस निरीक्षक अनिल कुमार, पदमा ओपी प्रभारी श्रवण कुमार और आलोक कुमार सोरेन शामिल हैं।

हजारीबाग जिले के लोहसिंघना थाना क्षेत्र में छिनतई करने वाले गिरोह के आठ आरोपियों को गिरफ्तार करने, उनके पास से छीने गए सोने के आभूषण, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और अन्य सामान बरामद करने में अहम भूमिका निभाने वाले पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को भी प्रशस्ति पत्र दिया गया।
पुलिस अधीक्षक की ओर से इस तरह के बेहतर कार्यों के लिए पुलिसकर्मियों को सम्मानित किए जाने से जवानों का मनोबल बढ़ने की उम्मीद है। जिले में अपराध नियंत्रण और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर पुलिस की सक्रियता लगातार जारी है।

error: Content is protected !!