आधी रात पेट्रोल डालकर बाइक में लगाई आग, CCTV ने खोला राज; आरोपी गिरफ्तार होकर पहुंचा जेल

 

राँची।कांटाटोली में आधी रात एक मोटरसाइकिल को पेट्रोल डालकर आग के हवाले करने के मामले में लोअर बाजार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना शुक्रवार देर रात करीब एक बजे की बतायी जा रही है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी इश्तियाक अंसारी (31) को कुरैशी मुहल्ला, कांटाटोली का निवासी बताया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।घटना को लेकर कांटाटोली हरिजन बस्ती निवासी शकीला खातून ने लोअर बाजार थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी थी। प्राथमिकी में बताया गया कि आरोपी ने उनकी बेटी के नाम से निबंधित मोटरसाइकिल पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। देखते ही देखते बाइक पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गयी।मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गये। फुटेज से मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपी इश्तियाक अंसारी की पहचान की और छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने घटनास्थल से जली हुई मोटरसाइकिल को भी विधिवत जब्ती सूची तैयार कर अपने कब्जे में ले लिया है। मामले में पुलिस अब घटना के पीछे की वजह और आरोपी की भूमिका से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।आरोपी की गिरफ्तारी और कार्रवाई में पुलिस अवर निरीक्षक सुधीर बाड़ा, सहायक अवर निरीक्षक मो. मुख्तार तथा थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

error: Content is protected !!