जमीन विवाद में युवक के अपहरण और जबरन हस्ताक्षर कराने का आरोप, पांच पर केस

राँची।राँची के रातू थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने गंभीर रूप ले लिया है। मखमंद्रो गांव के निवासी विजय उरांव ने पांच लोगों पर अपहरण, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए रातू थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
दर्ज शिकायत के मुताबिक, सोमवार की शाम करीब सात बजे लहना गांव निवासी पवन टोप्पो उन्हें बातचीत के बहाने अपने साथ ले गया। आरोप है कि रास्ते में पहले से मौजूद एक वाहन में संजू खलखो, महेंद्र खलखो, रवि लोहार और भीम मुंडा उर्फ सोनू सवार थे। सभी ने मिलकर विजय को बंधक बना लिया और उनके साथ मारपीट की।
पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी देकर उनकी पैतृक जमीन से जुड़े पहले से तैयार एकरारनामा पर जबरन हस्ताक्षर करा लिए। इसके बाद उन्हें सुनसान स्थान पर छोड़कर सभी आरोपी फरार हो गए।
विजय उरांव ने यह भी आरोप लगाया कि घटना से पहले उनके बेटे के मोबाइल फोन पर अलग-अलग नंबरों से धमकी भरे कॉल किए गए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।

