थाने में बनाई रील.. फिर पुलिस की रियल कार्रवाई से थाने में ही उतर गई हीरोगिरी…

राँची।सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह एक युवक को ऐसी भारी पड़ी कि उसे थाने में ही अपनी गलती का एहसास कराना पड़ा। राजधानी के चुटिया थाना परिसर में रील बनाकर इंटरनेट पर डालने वाले युवक की पुलिस ने ऐसी “रील लाइफ” से “रियल लाइफ” में वापसी कराई कि अब वह खुद कान पकड़कर माफी मांगता नजर आया।   

मामला साहिल महतो नामक युवक का है। कुछ लाइक्स और व्यूज़ पाने की चाह में उसने चुटिया थाना परिसर के अंदर वीडियो शूट किया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो वायरल होते ही लोगों ने सवाल उठाए कि आखिर संवेदनशील सरकारी परिसर को रील बनाने का अड्डा कैसे बना दिया गया।

वीडियो वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा तो मामला गंभीर माना गया। थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर पूनम कुजूर के नेतृत्व में पुलिस ने रिलबाज युवक को हिरासत में लिया। इसके बाद मीडिया के सामने थाने में ही उसकी परेड कराई गई, ताकि उसे अपनी गलती का एहसास हो और दूसरों के लिए भी यह नसीहत बने कि सोशल मीडिया की सनक कानून से ऊपर नहीं है।

 

पूछताछ के बाद युवक से लिखित माफीनामा लिया गया और भविष्य में दोबारा ऐसी हरकत नहीं करने का बांड भरवाया गया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे पीआर बॉन्ड पर रिहा कर दिया गया।

थाने से बाहर निकलते ही साहिल महतो का अंदाज पूरी तरह बदल चुका था। उसने कान पकड़कर पुलिस और समाज से माफी मांगी और स्वीकार किया कि सोशल मीडिया पर फेमस होने के चक्कर में उससे बड़ी गलती हो गई। उसने वादा किया कि भविष्य में दोबारा ऐसी हरकत नहीं करेगा।

राँची पुलिस का साफ संदेश है— सरकारी कार्यालय, खासकर थाना परिसर, मनोरंजन या रील बनाने की जगह नहीं हैं। कानून और पुलिस की गरिमा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

error: Content is protected !!