राँची:अपार्टमेंट के लोगों ने बंद किया पुराने नाले को,जलमग्न हुआ कई घर, रातभर बारिश ने बढ़ाई मुसीबत; दर्जनभर से ज्यादा किरायेदार भी प्रभावित

राँची।राँची के अरगोड़ा–कटहल मोड़ रोड स्थित कोरोना पब्लिक स्कूल के पास रहने वाली सुमित्रा साहू का घर लगातार हो रही भारी बारिश के बाद पूरी तरह जलमग्न हो गया। घर में पानी घुसने से परिवार के साथ-साथ आसपास के लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सुमित्रा साहू का आरोप है कि बगल में बने अपार्टमेंट के निर्माण के दौरान सोसायटी के लोगों और बिल्डर ने पुरानी नाली को भर दिया, जिससे इलाके की जल निकासी पूरी तरह बाधित हो गई। नतीजतन बारिश का पानी निकलने का कोई रास्ता नहीं बचा और रातभर हुई बारिश के बाद पूरा इलाका तालाब में तब्दील हो गया।
स्थिति इतनी गंभीर है कि सुमित्रा साहू के घर में रहने वाले करीब एक दर्जन किरायेदार भी जलजमाव से प्रभावित हैं। घरों में पानी भर जाने के कारण लोगों का दैनिक जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने और नाली को अवैध रूप से बंद करने के मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि रहते जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में हालात और भी भयावह हो सकते हैं।लोगों ने जिला प्रशासन से कार्रवाई करने की मांग किया है।

