हाइवा-ट्रेलर की भीषण टक्कर के बाद चार भारी वाहन बने हादसे का शिकार, दो चालक जिंदा जले…

सरायकेला। मंगलवार देर रात NH-220 पर ऐसा भयावह सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। राजनगर-चाईबासा मुख्य मार्ग पर रोला-खैरबनी मोड़ के पास रात करीब एक बजे हाइवा और ट्रेलर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में पलभर में आग लग गई और देखते ही देखते वे आग के विशाल गोले में तब्दील हो गए।
इस दर्दनाक हादसे में ट्रेलर चालक की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं हाइवा चालक को गंभीर हालत में बाहर निकालकर चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। आग की लपटें तेजी से दोनों वाहनों में फैल गईं। इसी दौरान पीछे से आ रहे दो अन्य ट्रेलर भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से बचने की कोशिश में आपस में टकराकर सड़क किनारे खेत में पलट गए। इस हादसे में दोनों ट्रेलर चालकों को चोटें आई हैं और उनका इलाज चल रहा है।
कुछ ही मिनटों में चार भारी वाहन इस दुर्घटना की चपेट में आ गए, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस और दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक हाइवा और ट्रेलर पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे।पुलिस ने दोनों मृत चालकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि NH-220 पर भारी वाहनों का लगातार दबाव रहता है, लेकिन सड़क संकरी होने के कारण आए दिन जानलेवा दुर्घटनाएं होती रहती हैं। स्थानीय नागरिकों ने केंद्र और राज्य सरकार से जल्द से जल्द इस सड़क का फोरलेन निर्माण, चौड़ीकरण और स्थायी सड़क सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदियों को रोका जा सके।

