समारोह से लौट रहे दंपती को हाइवा ने मारी जोरदार टक्कर, दोनों की मौत; गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क किया जाम
राँची।जिले के सोनाहातु थाना क्षेत्र के बारेंदा टोला देवानसारणा के समीप तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार पति-पत्नी की मौत हो गई। हादसे में महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल पति की अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गई।मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल के झालदा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुशी पापड़ाहुडुम गांव निवासी रमेश महतो और उनकी पत्नी सिंधु वाला देवी (42) के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सिल्ली-रांगामाटी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क पर शव पड़े रहने के कारण आवागमन बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।
दीदी के घर समारोह में शामिल होने आई थी महिला
जानकारी के अनुसार सिंधु वाला देवी अपनी दीदी के घर बारेंदा कुल्याणटांड़ में आयोजित तीन नहान कार्यक्रम में शामिल होने आई थीं। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह अपने पति रमेश महतो के साथ बाइक से अपने गांव वापस लौट रही थीं।
दंपती अभी देवानसारणा के समीप पहुंचे ही थे कि पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे हाइवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर महिला की मौत, पति ने रास्ते में तोड़ा दम
हादसे में सिंधु वाला देवी को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं रमेश महतो भी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
एक ही हादसे में पति-पत्नी की मौत की खबर जैसे ही परिजनों और गांव के लोगों तक पहुंची, वहां मातम छा गया। परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे तो दोनों के शव देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
हादसे के बाद सड़क पर उतरे परिजन और ग्रामीण
दंपती की मौत से आक्रोशित परिजन और ग्रामीण सड़क पर उतर आए। लोगों ने सिल्ली-रांगामाटी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने तथा हादसे के लिए जिम्मेदार वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।जाम के कारण मुख्य मार्ग पर वाहनों का परिचालन प्रभावित रहा। घटना की सूचना मिलने के बाद सोनाहातु थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास शुरू किया। पुलिस दुर्घटना में शामिल हाइवा JH10 DB 5777 के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

