यूपी में पुलिस का बड़ा एनकाउंटर: दिल्ली के चर्चित समीर हत्याकांड का आरोपी नसीम दुर्रानी ढेर, बुलंदशहर में STF ने गोलियों से किया छलनी…

 

बुलंदशहर/डेस्क। दिल्ली में सरेआम गोलियां बरसाकर समीर की हत्या करने के आरोपी कुख्यात गैंगस्टर नसीम दुर्रानी का गुरुवार की देर रात यूपी में पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया। बुलंदशहर में यूपी एसटीएफ, दिल्ली क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम के साथ हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश मारा गया। दोनों तरफ से कई राउंड गोलियां चलीं। गोली लगने के बाद नसीम को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मुठभेड़ अलीगढ़-गाजियाबाद हाईवे-34 पर सिकंदराबाद थाना क्षेत्र के सुखलालपुर मोड़ के पास हुई। पुलिस के अनुसार, मारे गए बदमाश की पहचान दिल्ली के मुस्तफाबाद निवासी नसीम उर्फ रिजवान पुत्र इस्लामुद्दीन उर्फ बुंडू के रूप में हुई है।

समीर पर बरसाई थीं 15-20 गोलियां

नसीम दुर्रानी 16 नवंबर को दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में समीर की सनसनीखेज हत्या के मामले में वांछित था। आरोप है कि दिल्ली के कानून मंत्री कपिल मिश्रा के कैंप कार्यालय के बाहर समीर पर 15 से 20 गोलियां बरसाकर उसकी हत्या की गई थी। इस वारदात के बाद से ही नसीम पुलिस के रडार पर था और दिल्ली पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

डी कंपनी से जुड़े होने का दावा, 26 से अधिक मुकदमे

पुलिस के मुताबिक, नसीम के तार दाऊद इब्राहिम के डी ग्रुप से जुड़े थे। उसके खिलाफ दिल्ली और उत्तर प्रदेश में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और रंगदारी समेत 26 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। वह दिल्ली में दो हत्याओं और गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में भी वांछित बताया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार, नसीम ने छोटा शकील के कहने पर पाकिस्तानी-कनाडाई मूल के तारिक फतह और तिहाड़ जेल में बंद छोटा राजन की हत्या की सुपारी भी ली थी। हालांकि, वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था।

कई राज्यों की पुलिस को थी तलाश

बताया जाता है कि नसीम ने पिछले छह महीनों में दिल्ली के खजूरी खास इलाके में भी दो हत्याओं को अंजाम दिया था। हत्या, हत्या के प्रयास और रंगदारी जैसे गंभीर मामलों में उसकी तलाश की जा रही थी। गुरुवार की रात संयुक्त पुलिस टीम के साथ हुई मुठभेड़ में उसका आपराधिक सफर समाप्त हो गया।

इस एनकाउंटर के बाद दिल्ली के समीर हत्याकांड समेत नसीम से जुड़े कई आपराधिक मामलों की जांच में अहम कड़ियां मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

 

error: Content is protected !!