हजारीबाग: अवैध बालू का ट्रैक्टर पकड़ना पड़ा भारी…बालू माफियाओं ने CO को घेरा, सरकारी गाड़ी में घुसने की कोशिश और जान से मारने की धमकी

 

हजारीबाग।झारखण्ड में अवैध बालू कारोबारियों का मनोबल इस कदर बढ़ गया है कि अब सरकारी अधिकारियों को भी निशाना बनाने से पीछे नहीं हट रहे हैं। बरकट्ठा में अवैध बालू लदे ट्रैक्टर को रोककर कागजात मांगना बीडीओ सह सीओ सुमन कुमार सौरभ को भारी पड़ गया। आरोप है कि बालू कारोबार से जुड़े लोगों ने उन्हें घेर लिया, सरकारी वाहन में जबरन घुसने की कोशिश की और खुलेआम जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में भी हलचल है।

बिना नंबर प्लेट का ट्रैक्टर रोकते ही भड़क उठे बालू माफिया

घटना 19 नवंबर की शाम करीब सात बजे की है। प्राथमिकी के अनुसार, सीओ सुमन कुमार सौरभ हजारीबाग से बरकट्ठा लौट रहे थे। इसी दौरान बंडासिंघा मोड़ के पास उनकी नजर बिना नंबर प्लेट के बालू लदे एक ट्रैक्टर पर पड़ी। उन्होंने वाहन रोककर चालक से बालू परिवहन का चालान और वैध कागजात मांगे।

आरोप है कि इसी दौरान बंडासिंघा मोड़ स्थित दुर्गा मिष्ठान दुकान के पास बैठे कुछ लोग मौके पर पहुंच गए। पहले ट्रैक्टर चालक को वहां से भगा दिया गया और फिर दूसरे व्यक्ति के माध्यम से बालू लदे ट्रैक्टर को भी निकलवा दिया गया।

सरकारी गाड़ी में घुसने की कोशिश, कहा- अब बालू गाड़ी पकड़ी तो बचोगे नहीं!

सीओ के आवेदन के मुताबिक, आरोपियों ने उनकी सरकारी गाड़ी में जबरन घुसने का प्रयास किया। गाड़ी का शीशा खुलवाने की कोशिश करते हुए उन्हें धमकी दी गई कि आज के बाद बालू की गाड़ी पकड़ी तो वे बचेंगे नहीं। हालात बिगड़ते देख सीओ ने तत्काल अपनी गाड़ी के दरवाजे बंद कर लिए और गोरहर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

वीडियो फुटेज में कैद हुई पूरी घटना, कई लोगों की पहचान

इस पूरे घटनाक्रम के दौरान सीओ ने वीडियो रिकॉर्डिंग भी की। आरोप है कि हमलावरों ने उनका मोबाइल छीनकर वीडियो मिटाने की कोशिश की। बाद में फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान की गई। प्राथमिकी में बंडासिंघा निवासी किशोर मोदी, किशोर साव, महेंद्र साव, मां दुर्गा मिष्ठान के संचालक, दुकान के कर्मियों और छह-सात अज्ञात लोगों का उल्लेख किया गया है।

बालू सिंडिकेट से लेकर मॉब लिंचिंग तक के गंभीर आरोप

मामले में गोरहर थाना में कांड संख्या 42/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आवेदन में सरकारी कार्य में बाधा डालने, जानलेवा हमले की कोशिश, आर्म्स एक्ट, मॉब लिंचिंग और अवैध बालू सिंडिकेट संचालित करने वाले माफिया नेटवर्क से जुड़े गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

बराकर नदी से सैकड़ों ट्रैक्टर बालू उठाने का आरोप

स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि चलकुशा प्रखंड क्षेत्र का एक व्यक्ति कथित तौर पर लंबे समय से बालू का सिंडिकेट चला रहा है। आरोप है कि बराकर नदी के विभिन्न घाटों से प्रतिदिन सैकड़ों ट्रैक्टर और टीपर के माध्यम से अवैध बालू का खनन और परिवहन किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से बालू कारोबारियों का मनोबल बढ़ा हुआ है। अब एक प्रशासनिक अधिकारी के साथ कथित तौर पर हुई इस घटना ने अवैध बालू कारोबार और अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।फिलहाल पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वीडियो फुटेज और आवेदन में बताए गए आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

error: Content is protected !!