हजारीबाग में गोलियां बरसाकर भाग रहे थे अपराधी, पुलिस ने कई KM तक दौड़ाया; घिरते ही बाइक छोड़ जंगल में कूदे बदमाश…
देखें वीडियो-सीसीटीवी और देर रात पुलिस की कारवाई
हजारीबाग।झारखण्ड में अपराधियों के हौसले एक बार फिर चुनौती देते नजर आए। हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात अपराधियों ने एके इंटरनेशनल होटल के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। सरदारपुर स्थित होटल के पास रात करीब 10 बजे आधा दर्जन राउंड गोलियां चलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वारदात के बाद घटनास्थल से राहुल दुबे गैंग के नाम का एक पर्चा भी बरामद हुआ। लेकिन इस बार अपराधियों का सामना पुलिस से हुआ। गोलीबारी कर बाइक से भाग रहे बदमाशों के पीछे पुलिस की कई टीमें लग गईं। कई किलोमीटर तक पीछा करने के बाद पुलिस ने अपराधियों को घेरने की कोशिश की तो वे अपनी बाइक छोड़कर अंधेरे जंगलनुमा झाड़ियों में भाग निकले।
गोलीबारी के बाद एक्शन में आई पुलिस, SP ने लगाईं कई टीमें
फायरिंग की सूचना मिलते ही चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का मुआयना किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमन कुमार ने अपराधियों की धरपकड़ के लिए तत्काल कई पुलिस टीमों को सक्रिय कर दिया।
इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि बाइक सवार अपराधी गोलीबारी करने के बाद चतरा रोड की ओर भाग रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें उनके पीछे लग गईं। अपराधियों और पुलिस के बीच कई किलोमीटर तक पीछा करने का सिलसिला चला।
पुलिस ने घेरा तो बाइक छोड़कर अंधेरे में भागे बदमाश
पुलिस टीम अपराधियों के काफी करीब पहुंच गई थी। खुद को घिरता देख बदमाशों ने अपनी बाइक छोड़ दी और पास की अंधेरी झाड़ियों तथा जंगलनुमा इलाके में घुसकर भागने लगे। इसके बाद मौके पर डॉग स्क्वायड की टीम भी पहुंच गई। पुलिस ने अंधेरे और सुनसान इलाके में अपराधियों की तलाश शुरू की, लेकिन रात का अंधेरा और झाड़ियों का फायदा उठाकर बदमाश भागने में सफल रहे।
हालांकि, पुलिस के हाथ अपराधियों की बाइक लग गई है। अब इसी बाइक और अन्य तकनीकी एवं स्थानीय स्रोतों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
एसपी अमन कुमार ने बताया कि फायरिंग करने के बाद भाग रहे अपराधियों को पुलिस ने घेरने का प्रयास किया था। खुद को घिरता देख वे बाइक छोड़कर अंधेरे में फरार हो गए। पुलिस ने बाइक बरामद कर ली है। बाइक और अन्य स्रोतों के माध्यम से अपराधियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। एसपी ने जल्द ही मामले का खुलासा करने की बात कही है।
फिर सामने आया राहुल दुबे गैंग का नाम, होटल बना निशाना
इस घटना में सबसे चौंकाने वाली बात घटनास्थल से राहुल दुबे गैंग के नाम का पर्चा मिलना है। हालांकि, पर्चे की प्रामाणिकता और वारदात में गिरोह की वास्तविक संलिप्तता की पुलिस जांच कर रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले 13 नवंबर की देर शाम बरही थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित एके इंटरनेशनल होटल के पास भी अपराधियों ने चार से पांच राउंड फायरिंग की थी। उस घटना के बाद भी मौके से राहुल दुबे गैंग के नाम का धमकी भरा पर्चा मिला था।
लगातार होटल को निशाना बनाकर फायरिंग की घटनाओं और दोनों जगहों से एक ही गिरोह के नाम के पर्चे मिलने से इलाके में दहशत का माहौल है। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती गोलीबारी करने वाले अपराधियों को गिरफ्तार करना और इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करना है।
बाइक बरामद, पहचान का दावा; गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी
फिलहाल पुलिस ने अपराधियों की बाइक बरामद कर ली है और एसपी के मुताबिक उनकी पहचान भी कर ली गई है। कई पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक इन हमलावरों को गिरफ्तार कर पाती है और एके इंटरनेशनल होटल पर लगातार हो रही गोलीबारी के पीछे की असली वजह क्या है।

