सरायकेला में खूनी खेल से सनसनी: इंजीनियर बड़े भाई ने डॉक्टर छोटे भाई पर दागी गोली, चर्चित डॉ. ओपी आनंद गंभीर रूप से घायल; लाइसेंसी पिस्तौल से फायरिंग, आरोपी गिरफ्तार

 

जमशेदपुर/सरायकेला। संपत्ति विवाद ने दो सगे भाइयों के रिश्ते को खून के संघर्ष में बदल दिया। आदित्यपुर थाना क्षेत्र के गायत्री शिक्षा निकेतन परिसर स्थित आवास में सोमवार रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई पर लाइसेंसी पिस्तौल से गोली चला दी। गोली लगने से 111 सेव लाइफ नर्सिंग होम के संचालक और चर्चित चिकित्सक डॉ. ओपी आनंद गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके पीठ में गोली लगी है। वारदात को अंजाम देने का आरोप उनके बड़े भाई इंजीनियर सत्यप्रकाश सुधांशु पर लगा है।

घटना रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। गोली चलने की आवाज से पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में घायल चिकित्सक को इलाज के लिए जमशेदपुर के टिनप्लेट स्थित टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही आदित्यपुर और आरआईटी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बड़े भाई सत्यप्रकाश सुधांशु को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्तौल भी बरामद कर ली गई है।

जिम से लौटे डॉक्टर, तभी पिस्तौल लेकर नीचे पहुंचे बड़े भाई

घटना के संबंध में घायल डॉ. ओपी आनंद के अंगरक्षक अमित कुमार ने बताया कि डॉ. आनंद जिम से लौटकर अपने आवास पहुंचे थे। इसी दौरान उनके बड़े भाई सत्यप्रकाश सुधांशु अचानक पिस्तौल लेकर नीचे आए और छोटे भाई पर फायरिंग कर दी।

 

अंगरक्षक के मुताबिक, उन्होंने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी को खींचकर पीछे हटाया। इस दौरान पहली गोली निशाने पर नहीं लगी, जबकि दूसरी गोली जमीन पर जा लगी। हालांकि, फायरिंग के दौरान डॉ. ओपी आनंद को गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़े। इसके बाद परिजनों और सुरक्षाकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई।

बेटी ने बताया- बड़े पापा ने ही चलाई गोली, फिर कमरे में चले गए

डॉ. ओपी आनंद की बेटी आर्या आनंद ने भी अपने बड़े पापा सत्यप्रकाश सुधांशु पर ही गोली चलाने का आरोप लगाया है। उनके अनुसार, गोली चलाने के बाद आरोपी चुपचाप अपने कमरे में चले गए। आर्या ने बताया कि बड़े पापा के पास दो लाइसेंसी पिस्तौल हैं। इनमें एक सत्यप्रकाश सुधांशु के नाम पर और दूसरी उनकी पत्नी के नाम पर है। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद हथियार कमरे में छिपा दिए गए थे।परिजनों और पीड़ित पक्ष ने पुलिस से मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर फायरिंग में प्रयुक्त लाइसेंसी हथियार बरामद कर लिया है।

संपत्ति विवाद बना खूनी संघर्ष की वजह

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने सोमवार रात हिंसक रूप ले लिया और बड़े भाई ने छोटे भाई पर गोली चला दी। सरायकेला एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि संपत्ति विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई पर फायरिंग की है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसकी निशानदेही पर फायरिंग में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्तौल बरामद कर ली गई है।आज जेल भेजा रहा है।

वहीं,पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की। मौके से दो खोखे भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अब फायरिंग से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

2024 में विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं डॉ. ओपी आनंद

गोलीबारी में घायल डॉ. ओपी आनंद जमशेदपुर के जाने-माने चिकित्सक हैं। वह 111 सेव लाइफ नर्सिंग होम के संचालक के रूप में भी चर्चित हैं। चिकित्सा क्षेत्र के साथ-साथ उनकी सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में भी सक्रियता रही है। वर्ष 2024 के झारखंड विधानसभा चुनाव में उन्होंने जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में टेंपो चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ा था।वहीं, उन पर गोली चलाने के आरोपी बड़े भाई सत्यप्रकाश सुधांशु पेशे से इंजीनियर बताए जा रहे हैं।

एसडीपीओ ने की गिरफ्तारी और हथियार बरामदगी की पुष्टि

सरायकेला एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने बताया कि संपत्ति विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई पर फायरिंग की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर फायरिंग में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्तौल भी बरामद कर ली गई है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। इस घटना ने एक बार फिर संपत्ति विवाद को लेकर पारिवारिक रिश्तों में बढ़ती हिंसा का गंभीर चेहरा सामने ला दिया है। जिस घर में दोनों भाइयों का परिवार रहता था, उसी घर में गोली चलने से पूरा इलाका स्तब्ध है।

error: Content is protected !!