पलामू में तेज रफ्तार पिकअप का कहर: बाइक सवार डिलीवरी बॉय की मौके पर मौत, दूसरा जिंदगी और मौत से जूझ रहा; रिम्स रेफर
पलामू। मेदिनीनगर में सोमवार की देर रात सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। पुलिस लाइन रोड पर सब्जी लदे पिकअप वाहन ने बाइक सवार दो डिलीवरी बॉय को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में विश्वनारायण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी विनीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, ई-कॉमर्स कंपनी में डिलीवरी का काम करने वाले विश्वनारायण और विनीत कुमार सोमवार देर रात बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस लाइन रोड पर सब्जी लदे पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विश्वनारायण के सिर में गंभीर चोट लगी और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को जब्त कर लिया है। वहीं, पिकअप पर सवार एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, हादसे के वक्त बाइक सवार दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। मृतक के सिर में गंभीर चोट आई थी। थाना प्रभारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और लगातार लोगों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की अपील कर रही है।
मृतक विश्वनारायण चैनपुर थाना क्षेत्र के चांदो गांव का रहने वाला था, जबकि घायल विनीत कुमार मेदिनीनगर के हमीदगंज का निवासी है। घटना की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

