राँची में 11 हजार वोल्ट का तार बना काल…स्कूटी से लौट रही महिला बैंककर्मी पर गिरा हाईटेंशन तार, बाल-बाल बची जान; स्कूटी जलकर राख
राँची।राजधानी राँची में बिजली विभाग की लापरवाही एक महिला बैंककर्मी की जान पर भारी पड़ सकती थी।नामकुम थाना क्षेत्र के बरगावां स्थित किशोर नगर के पास सोमवार को अचानक 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार टूटकर स्कूटी से जा रही महिला बैंककर्मी के ऊपर गिर पड़ा। तार की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उनकी स्कूटी देखते ही देखते आग की लपटों में घिर गई और जलकर राख हो गई। गनीमत रही कि महिला ने हेलमेट पहन रखा था, जिसकी वजह से उनकी जान बच गई। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।
कब्र पूजा कर लौट रही थीं महिला बैंककर्मी, तभी टूटकर गिरा मौत का तार
जानकारी के अनुसार, नया टोली पलांडू निवासी बेली प्रेमी टोप्पो सदाबहार चौक स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा में क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं। सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे वह कब्र पूजा कर अपनी स्कूटी से घर लौट रही थीं। इसी दौरान बरगावां किशोर नगर के समीप उन्हें अचानक शॉर्ट सर्किट जैसी आवाज सुनाई दी। खतरे को भांपते हुए उन्होंने स्कूटी रोक दी और सुरक्षित स्थान पर जाने की कोशिश करने लगीं। लेकिन इससे पहले कि वह वहां से हट पातीं, 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार टूटकर उनके ऊपर गिर पड़ा।
हेलमेट ने बचाई जान, हाथ झुलसा और स्कूटी में लगी आग
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, महिला के सिर पर हेलमेट होने के कारण बिजली का तार वहां से फिसलकर उनके हाथ पर जा गिरा। करंट के झटके से वह दूर जा गिरीं। इस हादसे में उनका हाथ झुलस गया और पैर में भी चोट आई। वहीं, हाईटेंशन तार की चपेट में आने से उनकी स्कूटी में आग लग गई। कुछ ही देर में स्कूटी जलकर राख हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
काफी देर बाद काटी गई बिजली, विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल
हादसे की सबसे गंभीर बात यह रही कि तार टूटकर गिरने के बावजूद बिजली काफी देर तक चालू रहने की बात सामने आई है। इससे इलाके में मौजूद अन्य लोगों की जान पर भी खतरा मंडराता रहा। सूचना मिलने के बाद बिजली विभाग के सहायक अभियंता को मामले से अवगत कराया गया। उन्होंने जांच कराने की बात कही। सहायक अभियंता के अनुसार, तार टूटने पर सामान्यतः बिजली अपने आप कट जानी चाहिए, लेकिन इस घटना में ऐसा नहीं हुआ। इसकी जांच की जाएगी।
अस्पताल पहुंचे बैंककर्मी, एसोसिएशन ने उठाए सवाल
घटना की सूचना मिलने पर अन्य बैंककर्मी घायल बेली प्रेमी टोप्पो को स्थानीय विनायका अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें लालपुर स्थित केसी राय मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में अस्पताल से छुट्टी मिलने के बावजूद पैर में चोट की वजह से उन्हें दूसरे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
इस बीच बैंक ऑफ इंडिया एसटी-एससी-ओबीसी इंप्लाइज एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष सुनील लकड़ा, कोषाध्यक्ष मनीष मिंज, उप महासचिव मनीष कुमार समेत कई पदाधिकारी और बैंककर्मी अस्पताल पहुंचे तथा घायल महिला का हाल जाना।
एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष सुनील लकड़ा ने घटना को बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि विभाग को पुराने और कमजोर बिजली तारों की नियमित जांच कर उन्हें दुरुस्त करना चाहिए,ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
एक सवाल, जिसका जवाब बिजली विभाग को देना होगा
इस हादसे ने बिजली विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि 11 हजार वोल्ट का तार टूटकर सड़क पर गिर जाए और बिजली की आपूर्ति तत्काल बंद न हो, तो राहगीरों की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी होगी।

