कार में बैठाकर ले गया कमल, दो दिन तक करता रहा गुमराह, फिर जंगल में मिली पूनम की लाश; हत्या का मामला दर्ज, आरोपी की तलाश जारी।

 

राँची।पहले कार से अपने साथ ले गया, फिर परिजनों के पूछने पर दो दिनों तक घूमने जाने की बात कहकर गुमराह करता रहा। इधर परिजन पूनम की तलाश में परेशान थे, उधर 31 अक्टूबर नामकुम के टुटीहारा जंगल में एक महिला का शव मिलने की खबर ने पूरे मामले को रहस्य में बदल दिया। शव की पहचान हुई तो वह पूनम देवी उर्फ तेतरी महली (35) निकली। अब इस मामले में उसके साथ रहने वाले कमल लकड़ा पर हत्या कर शव जंगल में फेंकने का आरोप लगा है।

मामला नामकुम थाना क्षेत्र के राजा उलातू पंचायत स्थित टुटीहारा जंगल का है। पुलिस ने मृतका की मां सहोदरा देवी के बयान पर कमल लकड़ा के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव जंगल में फेंकने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

कार में बैठाकर ले गया था कमल, अगले दिन से गायब थी पूनम

मृतका की मां सहोदरा देवी ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि पूनम देवी शादीशुदा थी। पति द्वारा छोड़ दिए जाने के बाद वह जगन्नाथपुर के बड़झोपड़ी में अपनी मां, बहन और दो बच्चों के साथ रह रही थी। इसी दौरान उसकी जान-पहचान नामकुम निवासी कमल लकड़ा से हुई। कमल के पलांडु और लुपुंग टोली स्थित घर पर पूनम का आना-जाना था। दोनों पति-पत्नी की तरह साथ रहते थे।

परिजनों के अनुसार, 26 अक्टूबर को कमल लकड़ा कार लेकर जगन्नाथपुर पहुंचा और पूनम सहित परिवार के अन्य लोगों को अपने साथ पलांडु ले गया। सभी वहां पहुंचे और रात में सो गए। लेकिन अगली सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो पूनम वहां नहीं थी।

दो दिनों तक घूमने जाने की कहानी सुनाता रहा

जब सहोदरा देवी और परिवार के अन्य सदस्यों ने कमल से पूनम के बारे में पूछा तो उसने बताया कि वह घूमने गई है। परिजन लगातार पूनम के बारे में पूछते रहे, लेकिन कमल दो दिनों तक इसी तरह टालमटोल करता रहा। उसकी बातों से परिजनों को कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।इस बीच शनिवार को टुटीहारा जंगल में एक महिला का शव मिलने की सूचना सामने आई। खबर मिलते ही सहोदरा देवी रविवार को नामकुम थाना पहुंचीं। वहां शव की पहचान अपनी बेटी पूनम देवी उर्फ तेतरी महली के रूप में की।

जंगल में शव मिलने के बाद खुला राज, आरोपी की तलाश में पुलिस

बेटी की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। मां के बयान पर पुलिस ने कमल लकड़ा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आरोप है कि कमल ने पूनम की हत्या करने के बाद पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को टुटीहारा जंगल में फेंक दिया।हालांकि, पूनम की हत्या किन परिस्थितियों में और किस वजह से की गई, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे घटनाक्रम की गुत्थी सुलझने की उम्मीद जता रही है।

इधर,सोमवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पूनम का शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया।

error: Content is protected !!