देवघर में अपराधियों के मंसूबे ध्वस्त: पिस्टल-कारतूस के साथ 5 गिरफ्तार
देवघर। झारखण्ड के देवघर में नगर थाना पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक साजिश का पर्दाफाश करते हुए पांच संगठित अपराधियों को गिरफ्तार कर संभावित वारदात को समय रहते नाकाम कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक कार से अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी शहर में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजीव कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध सफेद रंग की फॉर्नेक्स कार (JH15AP-5093) को घेरकर रोक लिया।
तलाशी के दौरान वाहन से एक अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके बाद कार में सवार पांचों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान शैलेश कुमार दास, अरविंद कुमार दास, गोलू महतो उर्फ गोलू पासी, लल्ला उर्फ विजय और रोहन उर्फ पिंटू के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक सभी आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे। नगर थाना में कांड संख्या 216/2026 दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस 2023 और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक नेटवर्क, सहयोगियों और संभावित योजनाओं की गहन जांच में जुटी हुई है।अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले से जुड़े कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।

