9 लाख के बिजली बिल पर भड़का उपभोक्ता, विद्युतकर्मी को सड़क पर घेरकर जमकर पीटा; हालत गंभीर
राँची।बिजली बिल को लेकर बढ़ते विवाद ने शनिवार रात हिंसक रूप ले लिया। जिले के बुढ़मू थाना क्षेत्र में 9 लाख रुपये से अधिक का बिजली बिल आने से नाराज एक उपभोक्ता ने अपने साथियों के साथ मिलकर बिजली विभाग के कर्मचारी पर हमला कर दिया। मारपीट में घायल कर्मचारी को पहले बुढ़मू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए रिम्स रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, उमेडंडा निवासी और बिजली विभाग में कार्यरत राहुल कुमार (28) शनिवार रात ड्यूटी के दौरान पावर हाउस से कार्यालय जा रहे थे। इसी दौरान नाउज गांव के पास डुंडु निवासी रवि कुमार ने उन्हें रोक लिया। रवि का आरोप था कि उसके नाम पर 9 लाख 10 हजार 663 रुपये का बिजली बिल जारी हुआ है और इसके लिए राहुल जिम्मेदार हैं।
राहुल ने बताया कि उन्होंने उपभोक्ता को समझाने की कोशिश की कि बिल में किसी तरह की त्रुटि होने पर विभाग में शिकायत देकर जांच कराई जा सकती है और आवश्यक सुधार भी संभव है। लेकिन बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि रवि ने अपने गांव से कुछ अन्य लोगों को बुला लिया और सभी ने मिलकर राहुल की पिटाई कर दी।हमले में राहुल के सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित का यह भी आरोप है कि मारपीट के दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही बुढ़मू पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कर्मचारी को अस्पताल भिजवाया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। राहुल कुमार ने थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
स्मार्ट मीटर और बढ़े बिलों को लेकर बढ़ रहा गुस्सा:
क्षेत्र में पिछले कुछ समय से अधिक बिजली बिल आने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। कई ग्रामीण स्मार्ट मीटर को बढ़े हुए बिल का कारण बता रहे हैं। उपभोक्ताओं में बढ़ती नाराजगी के बीच यह घटना बिजली बिल विवाद के हिंसक रूप में बदलने का बड़ा उदाहरण बनकर सामने आई है।

