दोस्ती का सफर बना आखिरी सफर,सड़क हादसे में दोनों दोस्तों की मौके पर मौत
चतरा।झारखण्ड के चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र स्थित जबड़ा में हुए एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। बाजार से अपने गांव लौट रहे दो दोस्तों की बाइक दुर्घटना में मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे दुदुवां गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, दुदुवां गांव निवासी गणेश कुमार और बसंत कुमार पल्सर बाइक से बाजार से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान जबड़ा के समीप सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों के बीच से गुजरते समय उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते दोनों युवक भीषण दुर्घटना का शिकार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में मातम का माहौल है और हर आंख नम है।
घटना की सूचना पर सिमरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े रहने वाले भारी वाहनों पर प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे वाहनों की वजह से अक्सर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

