अंधविश्वास या हैवानियत? वाराणसी में दादा की गोद से छीनकर 1 माह की मासूम को ज़मीन पर पटका!

डेस्क/वाराणसी: काशी की पवित्र धरती से एक ऐसा रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है, जिसे सुनकर किसी का भी कलेजा फट जाए। सारनाथ इलाके में एक सनकी युवक ने सिर्फ एक महीने की मासूम बच्ची को उसकी मौत के मुंह में धकेलने की कोशिश की। खेल-खेल में गोद में ली गई वो नन्ही सी जान, पल भर में नफ़रत और पागलपन का शिकार हो गई।
“भगवान ने कहा था बलि चढ़ा दो…”आरोपी का खौफनाक कबूलनामा
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने आरोपी विकास यादव को हवालात में डाला, तो उसकी बातें सुनकर खुद पुलिसकर्मियों के रोंगटे खड़े हो गए। वह थाने में बैठकर लगातार एक ही रट लगाए हुए कहा मुझे भगवान ने सपना दिया था… भगवान ने कहा था कि इस बच्ची की बलि चढ़ा दो।स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी इलाके का नामी दबंग है और अंधविश्वास की आड़ में इस खौफनाक वारदात को अंजाम देकर बचने का नाटक कर रहा है।
क्या हुआ था: बुजुर्ग पप्पू अपनी एक महीने की पोती को सीने से लगाए घर के बाहर टहल रहे थे। ठंडी हवा चल रही थी और दादा अपनी पोती को दुलार रहे थे। तभी पड़ोस का रहने वाला विकास यादव वहां पहुंचा। उसने बड़े प्यार से बच्ची को खिलाने का नाटक किया और दादा की गोद से उसे ले लिया।
और फिर हुआ खूनी खेल: दादा को अंदाज़ा भी नहीं था कि जिसे वो पड़ोसी समझ रहे हैं, वो असल में यमदूत बनकर आया है। कुछ ही कदम आगे बढ़ते ही विकास ने उस मासूम बच्ची को एक के बाद एक, लगातार तीन बार पूरी ताकत से ज़मीन पर पटक दिया! जब तक बूढ़े दादा कुछ समझ पाते, मासूम लहूलुहान हो चुकी थी और आरोपी वहां से भाग निकला।
ICU में ज़िंदगी की जंग लड़ रही है मासूम
इस क्रूर हमले में एक महीने की बच्ची का जबड़ा पूरी तरह टूट गया है और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। उसे तुरंत पास के अस्पताल के आईसीयू (ICU) में भर्ती कराया गया है, जहां वह इस वक्त वेंटिलेटर पर अपनी आखिरी सांसों के लिए लड़ रही है। पूरा परिवार अस्पताल के बाहर फूट-फूट कर रो रहा है।
आक्रोश से दहकी काशी: सड़क पर उतरे लोग, भारी बवाल
इस घटना की खबर आग की तरह फैली और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। गुस्से से लाल स्थानीय निवासियों और परिजनों ने अशोक चौराहे पर चक्का जाम कर दिया। सड़क पर उतरकर लोगों ने आरोपी को तुरंत फांसी देने की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि कई थानों की पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा।
पुलिस की सख्त कार्रवाई: दबंग परिवार पर कसता शिकंजा
एसीपी (ACP) विदुष सक्सेना ने मोर्चा संभालते हुए आक्रोशित भीड़ को शांत कराया और न्याय का भरोसा देकर जाम खुलवाया। पुलिस ने इस मामले में बेहद सख्त कदम उठाए हैं।मुख्य आरोपी विकास यादव को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है।आरोपी विकास के साथ-साथ उसके पिता शोभा यादव और उसकी मां के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस ने धारा 307 (जानलेवा हमला) और SC-ST एक्ट के तहत बेहद संगीन धाराओं में केस दर्ज किया है ताकि आरोपी को अदालत से किसी भी कीमत पर ज़मानत न मिल सके।

