मांडर सामूहिक दुष्कर्म मामला: राँची पुलिस की बड़ी कार्रवाई, रात भर चली छापेमारी में 9 गिरफ्तार
राँची। राजधानी राँचीके मांडर इलाके में एक युवती के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में राँची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घिनौने अपराध के पीछे जो सच सामने आया है, उसने पुलिस और स्थानीय लोगों को हैरान कर दिया है। पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ है कि इस गैंगरेप की पूरी साजिश किसी और ने नहीं, बल्कि केरल में रह रहे युवती के तथाकथित पति (लिव-इन पार्टनर) ने रची थी। उसी के उकसाने पर मांडर के युवकों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर ग्रामीण एसपी ने डीएसपी के नेतृत्व में बनी एक विशेष टीम ने शनिवार की रात से ही ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी थी, जो रविवार की सुबह 5 बजे तक जारी रही। मामले को लेकर बताया जाता है कि इस कांड में संलिप्त एक नाबालिग सहित नौ लोगों को दबोचा जा चुका है। पुलिस के वरीय अधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा इस मामले में गैंगरेप करने वाले और इसके लिए उकसाने वाले (साजिशकर्ता) में से किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। कुछ अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी अब भी जारी है।।

बता दें पीड़िता ने थाने में दर्ज कराए अपने आवेदन में आपबीती सुनाते हुए बताया कि वह पिछले दो साल से एक युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। करीब डेढ़ महीने पहले वह युवक काम के सिलसिले में केरल चला गया था, जिसके बाद से युवती उसी के घर पर रह रही थी। घटना शुक्रवार करीब शाम 7 बजे कुछ युवक अचानक घर पहुंचे और युवती को जबरन उठाकर ले गए।आरोपी उसे पास ही एक नदी के किनारे ले गए, जहाँ उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।आरोपियों ने पीड़िता को शनिवार की सुबह छोड़ा। किसी तरह बदहवास हालत में वह अपने घर पहुँची और परिजनों को आपबीती सुनाई। इसके बाद पीड़िता के पिता उसे लेकर तुरंत मांडर थाना पहुँचे।पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:आयुष उरांव 22 वर्ष बिरसा उरांव,पापड़ मुण्डा उर्फ प्रकाश मुण्डा 19 वर्ष सुकू मुण्डा,रामलुस कुजूर 23 वर्ष जेवियर कुजूर,रंजीत उरांव 24 वर्ष स्व० पण्डरा उरांव,उमेश भगत 23 वर्ष स्व० पंचम भगत,दीपक उरांव 19 वर्ष त्रिवेणी उरांव,राम उरांव 19 वर्ष धुमा उरांव,विकास उरांव उर्फ बल्लो 23 वर्ष एतवा उरांव और विधि विरुद्ध किशोर शामिल है।

