राँची के कांटाटोली इलाके के एक अपार्टमेंट में हथियार लेकर छिपा था अपराधी, पुलिस की छापेमारी में देशी पिस्टल के साथ गिरफ्तार
राँची। राजधानी राँची में अपराधियों ने अब अपार्टमेंट को भी अपना ठिकाना बनाना शुरू कर दिया है।कांटाटोली लोअर बाज़ार थाना क्षेत्र के वासुदेव नगर स्थित एक अपार्टमेंट के फ्लैट में हथियार लेकर छिपे एक संदिग्ध अपराधी को पुलिस ने छापेमारी कर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देशी पिस्टल और एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमरजीत कुमार सिंह (28 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक राँची को गुप्त सूचना मिली थी कि कांटाटोली स्थित वासुदेव नगर के ऋषिलेन इन्फ्लेक्स अपार्टमेंट के ई-ब्लॉक में फ्लैट नंबर 103 में कुछ संदिग्ध लड़कों की गतिविधियां चल रही हैं। आशंका जताई गई थी कि किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से वहां कुछ लोग जुटे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद नगर पुलिस उपाधीक्षक के.वी. रमण के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने अपार्टमेंट में अचानक दबिश दी और तलाशी के दौरान अमरजीत कुमार सिंह को पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से एक देशी पिस्टल और एप्पल कंपनी का मोबाइल बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अमरजीत कुमार सिंह का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ पहले से तीन मामले दर्ज हैं। इनमें चतरा नौडिहा बाजार थाना में वर्ष 2022 का कांड संख्या 30/2022, हरिहरगंज थाना में कांड संख्या 78/2022 और राजपुर थाना में वर्ष 2025 का कांड संख्या 59/2025 शामिल है।आरोपी मूल रूप से चतरा जिले के राजपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। फिलहाल वह राँची के काटाटोली थाना क्षेत्र स्थित उक्त अपार्टमेंट के फ्लैट में रह रहा था।
इस मामले में लोअर बाजार थाना कांड संख्या 193/2026, दिनांक 01 नवंबर 2026 को आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-b)a/26/35 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी फ्लैट में किस उद्देश्य से रह रहा था और उसके पास बरामद पिस्टल का इस्तेमाल किसी आपराधिक घटना में किया जाना था या नहीं।
पूरी कार्रवाई नगर डीएसपी के.वी. रमण के नेतृत्व में की गई। टीम में थाना प्रभारी लव कुमार सिंह, टीओपी प्रभारी अभिषेक कुमार, संतोष कुमार रजक, सुधीर बाजा, सशस्त्र पुलिस बल, पीसीआर-06 के पदाधिकारी व जवान तथा थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

