हजारीबाग: चार गाड़ियों के काफिले में पहुंचे बदमाशों ने आउटसोर्सिंग कंपनी के मैनेजर को किया अगवा, SP अमन कुमार का त्वरित एक्शन,कोडरमा से सकुशल बरामद

 

हजारीबाग। झारखण्ड के हजारीबाग जिले में अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देकर पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। चरही थाना क्षेत्र के तापीन साउथ में 31 अक्टूबर की देर रात चार वाहनों के काफिले में पहुंचे लोगों ने एक आउटसोर्सिंग कंपनी के प्रबंधक का कथित तौर पर अपहरण कर लिया। बदमाश प्रबंधक को अपने साथ लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही हजारीबाग पुलिस सक्रिय हुई और एसपी अमन कुमार ने तत्काल कई पुलिस टीमों को कार्रवाई में लगा दिया।पुलिस की त्वरित कार्रवाई का नतीजा रहा कि कुछ ही घंटों के भीतर अपहृत प्रबंधक को कोडरमा से सकुशल बरामद कर लिया गया। इस मामले में पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 31 अक्टूबर की देर रात चार वाहनों पर सवार होकर कुछ लोग तापीन साउथ पहुंचे थे। बताया जाता है कि सभी सुनियोजित तरीके से मौके पर पहुंचे और आउटसोर्सिंग कंपनी के प्रबंधक को अपने कब्जे में लेकर वहां से निकल गए। अचानक हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कंपनी प्रबंधक के अपहरण की खबर फैलते ही क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही SP अमन कुमार ने संभाली कमान
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी अमन कुमार ने बिना देर किए कई पुलिस टीमों को सक्रिय किया। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी और तकनीकी सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई शुरू की। तेजी से चलाए गए अभियान में पुलिस को सफलता मिली और अपहृत व्यक्ति को कोडरमा से सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

एसपी अमन कुमार ने बताया कि कुछ लोगों द्वारा एक व्यक्ति के अपहरण की सूचना दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और कोडरमा से अपहृत व्यक्ति को सकुशल बरामद कर लिया। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। प्रारंभिक तौर पर मामला लेनदेन से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है।वहीं, चरही थाना प्रभारी ने भी घटना के पीछे लेनदेन का विवाद होने की बात कही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि विस्तृत जांच और पूछताछ के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।

कुछ ही घंटों में बरामदगी से टली बड़ी अनहोनी
चार वाहनों के काफिले में पहुंचकर कंपनी प्रबंधक को अगवा किए जाने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे। लेकिन सूचना मिलते ही एसपी अमन कुमार के नेतृत्व में पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई से अपहृत व्यक्ति को कुछ ही घंटों में सुरक्षित बरामद कर लिया गया। अब पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर अपहरण की पूरी कहानी, इसमें शामिल अन्य लोगों और घटना के पीछे की असली वजह का पता लगाने में जुटी है।

error: Content is protected !!