राजधानी राँची में मॉनिटर लिजर्ड के अंगों की तस्करी का बड़ा खुलासा,होटल से बाप-बेटा समेत तीन तस्कर गिरफ्तार….

 

राँची।झारखण्ड की राजधानी राँची में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की गई है।वन विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर राजधानी के एक होटल में छापेमारी कर हाइ प्रोफ़ाइल तस्कर सहित तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से मॉनिटर लिजर्ड के 30 ‘हत्था जोड़ी’ बरामद किए गए हैं। इस मामले में वन में विभाग की टीम ने बीजेपी नेता राजीव रंजन मिश्रा उर्फ चुन्नु समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

होटल के कमरे में चल रहा था अवैध धंधा:

वन विभाग की ओर से देर रात जारी प्रेस विज्ञप्ति  के अनुसार, 14 मई को वाइल्डलाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो को सूचना मिली थी कि मेन रोड स्थित नटराज होटल में कुछ लोग मॉनिटर लिजर्ड के अंगों की तस्करी के लिए रुके हुए हैं।त्वरित कार्रवाई करते हुए दोपहर करीब 12:30 बजे वन विभाग की टीम ने होटल के कमरा संख्या 203 में छापा मारा।जांच के दौरान कमरे से एक काले रंग के प्लास्टिक बैग में छिपाकर रखे गए 30 हत्था जोड़ी बरामद हुए। होटल रिकॉर्ड के अनुसार, यह कमरा पश्चिम बंगाल के वर्द्धमान निवासी विष्णु कुमार गुप्ता के नाम पर बुक किया गया था।

वन विभाग की टीम ने मौके से तीन लोगों को हिरासत में लिया। जिनमें राजीव रंजन मिश्रा (64 वर्ष) लेक रोड, बड़ा तालाब, राँची का रहने वाला,राजीव रंजन मिश्रा का बेटा अविनाश आनन्द (32 वर्ष) और अरूण राम,हिंदपीढ़ी निवासी शामिल हैं।

वन विभाग के अनुसार, यह कार्य वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 (संशोधित 2022) की विभिन्न धाराओं (2, 9, 39, 44, 49B, 50(1)C, 51) के तहत एक गंभीर और संज्ञेय अपराध है।बताया कि तीनों से पूछताछ में तस्करी को लेकर अनभिज्ञता जाहिर की,लेकिन साक्ष्यों के आधार पर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। यह पूरी कार्रवाई वन क्षेत्र पदाधिकारी, राँची वनरोपण प्रक्षेत्र, बेड़ो के नेतृत्व में की गई।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह मामला वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 (संशोधित 2022) के तहत गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। आरोपियों पर कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने साफ किया है कि वन्यजीवों की अवैध तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। मामले की जांच जारी है।

error: Content is protected !!