JTET परीक्षा की ड्यूटी निभाने जा रही महिला पुलिस जवान की दर्दनाक मौत, नेशनल हाईवे पर अज्ञात वाहन ने कुचला,परिवार में मचा कोहराम

 

पलामू।झारखण्ड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) की ड्यूटी निभाने जा रही महिला पुलिस जवान बबीता कुमारी की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। रविवार की सुबह छतरपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट लगी और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। जिस परीक्षा की सुरक्षा और व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने के लिए वह घर से निकली थीं, वहां पहुंचने से पहले ही जिंदगी की जंग हार गईं।

बबीता कुमारी पलामू जिले के छतरपुर महिला थाना में तैनात थीं। JTET परीक्षा को लेकर उनकी ड्यूटी सतबरवा क्षेत्र के एक परीक्षा केंद्र पर लगाई गई थी। रविवार सुबह वह परीक्षा ड्यूटी के लिए जा रही थीं। इसी दौरान छतरपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनके सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

 

घटना की जानकारी मिलते ही छतरपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। देखते ही देखते बड़ी संख्या में पुलिस जवान और मृतका के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। जवान की असमय मौत से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन अज्ञात वाहन की पहचान कर उसे पकड़ने और जिम्मेदार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

छतरपुर थाना प्रभारी सौरव चौबे ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

मृतका बबीता कुमारी पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के बारा गांव की रहने वाली थीं। वह पिछले कई दिनों से छतरपुर महिला थाना में तैनात थीं। उनकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है। वहीं, पुलिस मेन्स एसोसिएशन के सुशील सिन्हा और जयप्रकाश पुरी ने भी घटना की पुष्टि करते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की है।

एक ओर JTET परीक्षा को लेकर प्रशासन और पुलिस की तैयारियां चल रही थीं, वहीं दूसरी ओर परीक्षा ड्यूटी पर जा रही एक महिला पुलिस जवान की सड़क हादसे में मौत ने पूरे पुलिस महकमे को गमगीन कर दिया है। अब पुलिस के सामने अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान कर कार्रवाई करने की चुनौती है।

error: Content is protected !!