झारखण्ड में सुरक्षा मांगने थाने पहुंची महिला से दुष्कर्म… वायरलेस ऑपरेटर गिरफ्तार, जेल भेजा गया; थाना प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मी निलंबित

 

सरायकेला। जिस खाकी पर महिला की सुरक्षा और सम्मान की जिम्मेदारी थी, उसी खाकी के एक कर्मी पर थाने के भीतर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगा है। पति की मारपीट के डर से सुरक्षा की गुहार लेकर गम्हरिया थाना पहुंची महिला के साथ थाना परिसर में ही दुष्कर्म किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले में गम्हरिया थाने में तैनात वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, जांच प्रतिवेदन के आधार पर थाना प्रभारी संजय प्रसाद समेत छह पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।


पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, घटना 29 अक्टूबर की रात की है। पीड़िता ने 30 अक्टूबर को पुलिस को लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की जानकारी दी। महिला ने बताया कि 29 अक्टूबर की शाम करीब छह बजे पति के साथ उसकी कहासुनी हुई थी। उसे आशंका थी कि रात में पति उसके साथ मारपीट कर सकते हैं। इसी डर से वह घर छोड़कर पड़ोस में रहने वाली एक महिला के घर पहुंची और अपनी सुरक्षा को लेकर पुलिस को सूचना देने का आग्रह किया।

इसके बाद गम्हरिया पुलिस की पीसीआर वैन मौके पर पहुंची और महिला को रात करीब 12 बजे थाने लेकर आई। महिला को उम्मीद थी कि पुलिस थाने में उसे सुरक्षा मिलेगी, लेकिन आरोप है कि वहां ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारी ने उसे बगल के कमरे में आराम करने को कहा। महिला उसी कमरे में आराम कर रही थी। इसी दौरान थाने में पदस्थापित वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा ने कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एसआईटी के माध्यम से कार्रवाई की। जांच के दौरान आरोपी सहायक अवर निरीक्षक संख्या-410 नीरज लकड़ा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के कमरे से घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए हैं।

घटना और जांच प्रतिवेदन के आधार पर पुलिस विभाग ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में थाना प्रभारी संजय प्रसाद, पुलिस अवर निरीक्षक अनिरुद्ध सिंह, मनोज साहू, आरक्षी संतोष राय, हवलदार मुनेश्वर कुमार और आरोपी वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा शामिल हैं।थाने के भीतर सुरक्षा मांगने पहुंची महिला के साथ हुई इस घटना ने पुलिस व्यवस्था और थानों में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

error: Content is protected !!