राहुल दुबे गैंग को हथियार सप्लाई करने वाला जियाउल हबीब भी गिरफ्तार, कल 5 अपराधी चढ़े थे पुलिस के हत्थे,एक का हुआ था हाफ एनकाउंटर..

 

राँची।अपराधी राहुल दुबे गैंग के खिलाफ राँची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनमें गैंग के सक्रिय सदस्य और अपराधियों को हथियार मुहैया कराने वाला सप्लायर भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अपराधियों की कांके, हजारीबाग के ए.के. इंटरनेशनल होटल, उरीमारी और टंडवा में हुई फायरिंग की घटनाओं में संलिप्तता सामने आई है। वहीं, गिरोह के एक सदस्य की गिरफ्तारी के लिए धुर्वा सीठियो इलाके में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की आत्मरक्षार्थ फायरिंग में सौरभ कुमार नामक अपराधी के पैर में गोली लगी। उसे इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया है।

राँची के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से 31 अक्टूबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 30 अक्टूबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गिरोह के कुछ अपराधी कार से रिंग रोड इलाके में घूम रहे हैं और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने नगर एवं ग्रामीण एसपी के निर्देशन में हटिया के डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की।

विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांके रिंग रोड क्षेत्र में संदिग्ध कार को रोककर उसमें सवार चार अपराधियों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से पिस्टल, गोलियां, मैगजीन और मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में चारों के राहुल दुबे गिरोह से जुड़े होने और विभिन्न इलाकों में दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग की घटनाओं में शामिल रहने की बात सामने आई।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार,गिरफ्तार अपराधियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने गिरोह के एक अन्य सदस्य को पकड़ने के लिए धुर्वा थाना क्षेत्र के सीठियो इलाके में छापेमारी की। इसी दौरान एक अपराधी ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें सौरभ कुमार के पैर में गोली लग गई। घायल सौरभ को तत्काल इलाज के लिए रिम्स भेजा गया। उसके पास से भी एक पिस्टल, गोली और मोबाइल फोन बरामद किया गया।

इस मामले में धुर्वा थाना कांड संख्या 285/26, दिनांक 31 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया है।

पुलिस ने मामले की जांच के दौरान गिरफ्तार अपराधियों के स्वीकारोक्ति बयान और निशानदेही के आधार पर राहुल दुबे गिरोह को हथियार मुहैया कराने वाले कथित सप्लायर जियाउल हबीब को भी गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर एक पिस्टल, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस अब गिरोह के हथियार सप्लाई नेटवर्क और अन्य सहयोगियों के संबंध में जांच कर रही है।

 

पुलिस की इस कार्रवाई में कुल चार पिस्टल, 7.62 एमएम की आठ जिंदा गोलियां, पांच मैगजीन, छह मोबाइल फोन, अपराधियों के इस्तेमाल में लाई जा रही एक कार और एक पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

1.आदित्य कुमार राम उर्फ कुंदन, निवासी डोरंडा, वर्तमान पता सीठियो रोड, धुर्वा।
2.मोहित पासवान, निवासी अमरावती कॉलोनी, चुटिया।
3.ऋषभ कुमार, निवासी धुर्वा डैम साइड, थाना विधानसभा।
4.गुड्डू मिश्रा, निवासी रांची रोड मरार, रामगढ़।
5.सौरभ कुमार, निवासी धुर्वा बस स्टैंड (इलाजरत)।
6.जियाउल हबीब, निवासी कुम्हारटोली, डोरंडा।

 

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में कई का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। जियाउल हबीब के खिलाफ चुटिया और डोरंडा थानों में धोखाधड़ी, जालसाजी और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं। आदित्य कुमार राम उर्फ कुंदन के खिलाफ धुर्वा थाना में वर्ष 2026 का मामला दर्ज है। गुड्डू मिश्रा के खिलाफ मांडर, सदर और रामगढ़ थानों में चोरी एवं अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, सौरभ और ऋषभ के खिलाफ भी धुर्वा थाना में पूर्व के मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

राँची पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध, अवैध हथियारों के इस्तेमाल और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और आपराधिक नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश में जुटी है।

 

error: Content is protected !!