मायके जाने की जिद की,तो सनकी पति ने पत्नी को काट डाला…आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार


बोकारो।झारखण्ड के बोकारो जिले के पिंड्राजोरा थाना अंतर्गत चाकुलिया गांव के रामडीह टोला में रविवार सुबह नशे में धुत विकास रजवार (30 वर्ष) ने कुल्हाड़ी से वार कर अपनी पत्नी शानू देवी (25 वर्ष) की हत्या कर दी।जानकारी के अनुसार, शानू के मायके जाने की जिद करने पर शनिवार की देर रात विकास से उसकी कहासुनी हुई थी।गुस्से में आकर विकास ने सो रही पत्नी के गले पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गयी।घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी घर से निकल गया। वह शराब पीकर कुछ देर बाद फिर घर लौटा और पत्नी के शव के पास ही सो गया। सुबह करीब नाै बजे विकास के पिता शक्तिपद रजवार ने दरवाजा खटखटाया, तो उसने दरवाजा खोला।अंदर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गये।पूछने पर विकास ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

ग्रामीणों के अनुसार, विकास नशे का आदी और सनकी स्वभाव का है।वह छोटी-छोटी बात पर गुस्सा हो जाता है। बताया जाता है कि 18 अप्रैल को शानू देवी अपने मायके से ससुराल लौटी थी और पति की शराब की लत से परेशान होकर पुन: मायके जाने की जिद कर रही थी।करीब छह साल पहले विकास की शादी धनबाद जिले के राजगंज थाना क्षेत्र के दलदली कदमटांड़ गांव की शानू देवी से हुई थी। दंपती को 13 माह का एक बेटा है। विकास की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी जब्त कर ली गयी है।

error: Content is protected !!