भांजा मामी से करता था गलत हरकत, मामी के विरोध करने पर पीट-पीटकर मार डाला

 

बांका।बिहार के बांका जिले के रजौन प्रखंड के कठचातर लीलातरी पंचायत के उपरामा गांव में 32 वर्षीय महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है।परिजनों ने कहा कि पूर्व में महिला को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। इससे संबंधित शिकायत पुलिस से की गई थी। पर पुलिस ने इस पर संज्ञान नहीं लिया। इससे महिला की जान चली गई।वैसे पुलिस ने आवेदन मिलने की बात से इनकार किया है। इस मामले में महिला के रिश्तेदार सहित अन्य पर मारपीट का आरोप लगाया गया है।

जानकारी के अनुसार महिला मूल रूप से खिड्डी गांव की रहने वाली थीं। पति हैदराबाद में मजदूरी करता है, जबकि वह अपने दो पुत्र और एक पुत्री के साथ गांव में रहती थीं।परिजनों ने कहा कि दो दिन पहले महिला ने रजौन और बांका थाना में आवेदन देकर अपनी जान को खतरा बताया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि रिश्ते में भांजे भागलपुर जिले के बागबाड़ी थाना क्षेत्र के कुतुबगंज निवासी आरोपी अक्सर उनके साथ मारपीट करता था और जान से मारने की धमकी देता था।उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि घर में अकेले रहने का फायदा उठाकर राजेश उनके साथ गलत हरकत करता था और विरोध करने पर बेरहमी से पिटाई करता था।

आरोप है कि आवेदन देने के महज एक दिन बाद शनिवार की देर रात मारपीट कर उनकी हत्या कर दी गई। मृतका की मां ने बताया कि ससुराल पक्ष के लोग लगातार उनकी बेटी को प्रताड़ित करते थे। घटना की सूचना मिलने पर जब वे गांव पहुंचीं तो शव खाट पर पड़ा मिला और घर के सभी लोग फरार थे।

मृतका के 14 वर्षीय पुत्र ने भी आरोप लगाया कि उसकी मां को लाठी-डंडे से पीटकर मार डाला गया। उसने बताया कि घटना के समय पास में शादी समारोह में तेज डीजे बज रहा था, जिससे चीख-पुकार की आवाज बाहर नहीं पहुंच सकी।घटना के बाद रविवार को पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं, जिससे पिटाई की आशंका जताई जा रही है।

बौंसी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!