जमशेदपुर:टाटानगर स्टेशन परिसर में लोको पायलट की गोली मारकर हत्या,मचा हड़कम्प, जांच में जुटी है पुलिस..
जमशेदपुर। झारखण्ड के पूर्वी सिंहभूम जिले के बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित टाटानगर स्टेशन परिसर में रविवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां रनिंग रूम के ठीक सामने लोको पायलट की गोली मारकर हत्या कर दी गई।घटना के बाद पूरे स्टेशन इलाके में हड़कम्प मच गया।
जानकारी के अनुसार, मृतक लोको पायलट ज्ञानेंदु कुमार गौतम आदित्यपुर के रहने वाले थे। रविवार देर रात करीब 12:30 बजे वे मालगाड़ी लेकर टाटानगर स्टेशन पहुंचे थे। ड्यूटी खत्म होने के बाद करीब 12:40 बजे शौच करने के लिए संयुक्त चालक और परिचालक लॉबी की ओर जा रहे थे।इसी दौरान रनिंग रूम के गेट पर पीछे से आए बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उनके सिर में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है। इसके बाद सिटी एसपी ललित मीना और डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर तौकीर आलम भी मौके पर पहुंचे।इसके बाद सभी छापामारी में निकल गए।वहीं, पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है।बताया जा रहा है कि लोको पायलट जीके गौतम का रेलवे में ठेकेदारी के साथ जमीन की खरीद बिक्री का काम भी चलता था।पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुटी है

