लूटपाट का विरोध करना पड़ा भारी:अपराधियों ने पति-पत्नी को मारी गोली,पत्नी की मौके पर मौत,पति गंभीर,जांच में जुटी है पुलिस…
राँची/हज़ारीबाग।झारखण्ड के हज़ारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र में पिपरवार-केरेडारी थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में रविवार देर शाम गोलीबारी में एक महिला की मौत हो गई है।जबकि पति गंभीर रूप से घायल है।जिन्हें रिम्स में भर्ती कराया गया है।जहां इलाज चल रहा है।स्थिति गंभीर बनी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, नवदंपती विकास प्रजापति और उनकी पत्नी मंजू देवी रविवार को रामगढ़ बाजार गए थे और देर शाम अपने घर राय लौट रहे थे।बताया जाता है कि पतरातु-मैक्लुस्कीगंज मार्ग पर कोल स्टेशन हेंदेगीर के पास एक पुलिया के समीप पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। हमलावर दो बाइक पर सवार थे। उन्होंने सड़क पर रोककर दंपती से लूटपाट करने का प्रयास किया।इसी दौरान विकास प्रजापति ने साहस दिखाते हुए विरोध किया और एक हमलावर को पकड़ लिया। यह देख अन्य अपराधी बौखला गए और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में विकास प्रजापति के हाथ की बांह में गोली लगी, जबकि उनकी पत्नी मंजू देवी के कनपटी में गोली लग गई।गंभीर रूप से घायल मंजू देवी की अत्यधिक रक्तस्राव के कारण मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल विकास प्रजापति को परिजनों द्वारा तत्काल बचरा स्थित सीसीएल क्षेत्रीय अस्पताल लाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रिम्स,राँची रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पिपरवार, केरेडारी थाना और हेंदेगीर पीकेट पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर फिर से लूटपाट की घटनाएं बढ़ने लगी हैं, जिससे राहगीरों में भय व्याप्त हो गया है।पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।वहीं शव को सुबह पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं गोलीबारी में मारी गई मंजू देवी के परिजन केरेडारी थाना पहुँचे हैं और पति पर साजिशन हत्या का आरोप लगाया है।परिजनों का आरोप है कि ये साजिश है।पति पर ही हत्या कराने का आरोप लगाया है।अब मामला संदिग्ध होने के कारण पुलिससभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।


