जमीन विवाद के निपटारे के लिए बुलाया और पंचायत भवन में व्यक्ति को बंधक बनाकर बेरहमी से पिटाई, मुखिया सहित कई पर जानलेवा हमले का आरोप

 

राँची।जिले के बीआईटी मेसरा ओपी (थाना) क्षेत्र के अंतर्गत मेसरा पश्चिमी पंचायत भवन में जमीन विवाद के निपटारे के लिए बुलाई गई पंचायत में एक व्यक्ति को कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटने और जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।​पीड़ित राजेन्द्र कुमार सिंह (वचानू सिंह) ने बीआईटी मेसरा थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, रविवार (26 अप्रैल 2026) सुबह करीब 10 बजे उन्हें जमीन के बंटवारे से जुड़े एक मामले में पंचायत भवन बुलाया गया था।

आरोप है कि वहां बातचीत के दौरान अचानक 12-13 लोगों ने मिलकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।​पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उन्हें पंचायत भवन के कमरे में बंद कर दिया और बुरी तरह पीटा। इस दौरान उनकी सोने की चेन छीन ली गई तथा घड़ी और चश्मा भी तोड़ दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर जब परिजनों ने थाने को सूचित किया, तब पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद ही पीड़ित को वहां से मुक्त कराया जा सका।

​इस मामले में पीड़ित राजेन्द्र कुमार सिंह ने मेसरा पश्चिमी की मुखिया सुशीला देवी, मुनेश्वर पाहन, रविन्द्र महतो, आशा देवी, संजय (संजू) और राहुल राम सहित अन्य के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित ने पुलिस से उचित कार्रवाई करते हुए अपने और अपने परिवार की जान-माल की रक्षा करने की गुहार लगाई है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

error: Content is protected !!