9 कट्ठा जमीन बेचकर रचाई थी बेटी की शादी, माँ बोलीं- दामाद ने जहर देकर मार डाला

 

गोड्डा।झारखण्ड के गोड्डा जिले के बसंतराय थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां दहेज प्रताड़ना से तंग आकर एक नवविवाहिता ने कीटनाशक दवा का सेवन कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। विवाहिता की मौत रविवार को दोपहर में इलाज के दौरान हो गई।मायके पक्ष से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक प्रिया कुमारी की शादी महज दो माह पूर्व 25 फरवरी को महेशपुर गांव निवासी आशीष झा के साथ हुई थी। शादी के शुरुआती कुछ दिनों के बाद ही ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रिया को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा था।

बताया जाता है कि प्रिया ने इस प्रताड़ना की जानकारी अपने मायके वालों को दी थी। परिजन उसे अपने साथ वापस ले जाना चाहते थे, लेकिन ससुराल पक्ष ने उसे मायके वालों से मिलने तक नहीं दिया।इतना ही नहीं, उसी गांव में रहने वाली उसकी बहन और बहनोई से भी उसे मिलने नहीं दिया गया, जिससे वह पूरी तरह मानसिक रूप से टूट चुकी थी। प्रिया को यहां तक फोन से मायके पक्ष से बातचीत करने तक नहीं दिया जाता था।

लगातार हो रही प्रताड़ना और सामाजिक बंधनों के बीच घुटन भरी जिंदगी जी रही प्रिया ने अंततः रविवार को यह खौफनाक कदम उठा लिया और कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर प्रिया को आनन-फानन में सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग सदर अस्पताल पहुंचे। अपनी बेटी का शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे अस्पताल परिसर में मातम पसर गया और परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो उठा।

इधर, सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मायके पक्ष के लिखित आवेदन के आधार पर मामला दर्ज करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति आशीष झा को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

इस घटना के बाद एक और मार्मिक स्थिति उत्पन्न हो गई है। पोस्टमार्टम के बाद जहां एक ओर ससुराल पक्ष शव को लेने से इनकार कर रहा है, वहीं मायके वाले भी अंतिम संस्कार करने से इनकार कर रहे हैं। उनका कहना है कि उन्हें उनकी बेटी जिंदा चाहिए, न कि उसका शव। खबर लिखे जाने तक मृतका का शव सदर अस्पताल में ही पड़ा हुआ था।

प्रिया अपने घर की सबसे छोटी बहन थी। अंतिम और छोटी बेटी होने के कारण पिता के द्वारा उनके हिस्से के कुल 9 कट्ठा जमीन बेचकर अपनी बेटी की शादी आशीष झा से रचाई गई थी।विवाहिता के पिता मजदूरी कर अपना पेट पालते हैं। पिता को क्या मालूम था कि इतना संपत्ति बेचने के बाद भी उनकी बेटी की यह दशा होगी। मायके पक्ष के लोग पूरी कहानी बयां कर अपने किस्मत को कोसने का काम कर रहे थे।

‘आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़ित पक्ष को आवेदन देने को कहा गया है। आरोपितों को किसी भी हाल में नहीं छोड़ा जाएगा।’- रामदेव वर्मा, थाना प्रभारी, बसंतराय, गोड्डा

error: Content is protected !!