पुलिस वाला बताकर घर में घुसे 11 अपराधी, परिवार वालों को बंधक बनाकर लूटा लाखों का सामान
देवघर।झारखण्ड के देवघर जिले में मोहनपुर थाना क्षेत्र के चितरपोका गांव में देर रात एक संगठित गिरोह के 11 अपराधियों ने पुलिस के वेश में एक घर में घुसकर बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया है।घटना के दौरान अपराधियों ने एक लाख रुपये नकद और करीब 92 भर चांदी के जेवरात व अन्य सामान लूट लिया। वहीं इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।पीड़ित रंजीत यादव के अनुसार रात करीब 12 बजे घर का दरवाजा खटखटाया गया। अंदर से पूछने पर बाहर खड़े लोगों ने खुद को पुलिस बताते हुए घर की जांच करने की बात कही।जैसे ही दरवाजा खोला गया, करीब 11 की संख्या में अपराधी जबरन घर में घुस आए और घर के मुख्य दरवाजा को अंदर से बंद कर लिया। सभी अपराधियों ने अपने चेहरे ढक रखो थे।
उनमें से तीन ने वर्दी में थे। घर में घुसते ही अपराधियों ने परिवार को जान से मारने की धमकी दी। एक अपराधी ने पीड़ित के मुंह में पिस्टल सटा दियाहथियार का डर दिखकर सभी लोगों को अपने कब्जे में ले लिया। उसके बाद अपराधी घर के सामान की तलाशी लेने लगे। अपराधियों ने घर के बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखा एक लाख रुपये नकद और पलंग में बने लाकर को तोड़कर करीब 92 भर चांदी के जेवरात लूट लिया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी अपाचे बाइक से फरार हो गए।घटना के बाद पीड़ित ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मोहनपुर थाना प्रभारी सालो हेम्ब्रम मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने घरवालों से अपराधियों के पहनावे, कद काठी, बोली चाली और घटना को अंजाम देने के तरीके के बारे में पूछताछ किया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी की जा रही है।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है और रात में सुरक्षा व्यवस्था की मांग की जा रही है। क्षेत्र में अचानक अपराध बढ़ने से पुलिस भी परेशान है।

