ट्रेजरी घोटाले मामले में बड़ी कार्रवाई: बोकारो एसपी कार्यालय का अकाउंटेंट अवैध वेतन निकासी में गिरफ्तार, खाते से 1.06 करोड़ के संदिग्ध लेन-देन
राँची।झारखण्ड के बोकारो में कोषागार से अवैध वेतन निकासी मामले की जांच कर रही सीआईडी की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने एसपी कार्यालय बोकारो के अकाउंट सेक्शन में प्रतिनियुक्त गृह रक्षा वाहिनी के जवान सतीश कुमार उर्फ सतीश कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।वह पूर्व में गिरफ्तार मुख्य आरोपी लेखापाल कौशल कुमार पांडेय का सहयोगी था। जांच में गिरफ्तार सतीश कुमार सिंह के खाते में लगभग 1.06 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन की पुष्टि हुई है। इसके बाद ही सीआईडी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खाते में पड़े 43 लाख रुपये को फ्रीज करा दिया है। इस मामले की जांच अभी जारी है।
झारखण्ड सरकार के आदेश के बाद बोकारो में कोषागार से अवैध राशि की निकासी मामले में संबंधित कांडों को टेकओवर करते हुए सीआइडी ने अनुसंधान शुरू किया है। बोकारो से जुड़े केस में सीआइडी थाने में 24 अप्रैल को कांड संख्या 06/2026 दर्ज किया गया है।इस कांड के प्रभावी व गहन अनुसंधान के लिए ही विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है, जिसका नेतृत्व आईजी पंकज कंबोज कर रहे हैं।
गिरफ्तार गृह रक्षक को सीआईडी राँची की विशेष अदालत में प्रस्तुत करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में राँची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में भेज दिया गया है। अब सीआईडी उसे रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ करेगी।
वहीं दूसरी तरफ चाईबासा स्थित कोषागार से पुलिस विभाग के खाते से 45 लाख रुपये की गड़बड़ी सामने आने के बाद पुलिस ने एक सिपाही को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है। मुख्य आरोपी सिपाही देव नारायण मुर्मू पर आरोप है कि उसने निकाली गई राशि का कुछ हिस्सा अपने परिजनों के बैंक खातों में भी ट्रांसफर किया।

