फेसबुक लाइव में दर्द बयां करने वाली निशा भगत की मौत की जांच अब CBI के हवाले, नामजद आरोपियों के घर पहुंची सीबीआई टीम…

 

राँची।फेसबुक लाइव पर अपनी पीड़ा बयां करने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में जान गंवाने वाली आदिवासी नेत्री निशा कुमारी भगत की मौत का मामला अब केंद्रीय जांच एजेंसी के हाथों में है। CBI ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच का औपचारिक आगाज कर दिया है। जांच शुरू होते ही एजेंसी ने सक्रियता दिखानी शुरू कर दी है। सोमवार को CBI की टीम ने मामले में नामजद अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के आवास पर दस्तक दी।

CBI की विशेष अपराध शाखा-1 ने इस मामले में FIR नंबर RC0482026S0007 दर्ज किया है। प्राथमिकी में अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा को नामजद अभियुक्त बनाया गया है, जबकि कुछ अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। जानकारी के अनुसार, जांच टीम पहले अजय तिर्की के आवास पहुंची और इसके बाद ज्योत्सना केरकेट्टा के घर जाकर मामले से जुड़ी जानकारियां जुटाईं। टीम की कार्रवाई से इस चर्चित मामले में हलचल तेज हो गई है।

हालांकि, CBI की ओर से अभी तक अपनी कार्रवाई और जांच के बिंदुओं को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। फिलहाल एजेंसी शिकायत, पूर्व में दर्ज प्राथमिकी और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को आधार बनाकर जांच आगे बढ़ा रही है।

मौत से पहले फेसबुक लाइव में लगाए थे गंभीर आरोप

निशा भगत की मौत से पहले का घटनाक्रम इस पूरे मामले का सबसे अहम पहलू माना जा रहा है। 6 नवंबर 2026 को उनकी मौत हुई थी। इससे पहले उन्होंने करीब 10 मिनट तक फेसबुक लाइव किया था। इस दौरान उन्होंने झारखंड सरकार, स्थानीय पुलिस-प्रशासन और जमीन के कारोबार से जुड़े कुछ लोगों पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे। उन्होंने अपनी परेशानी सार्वजनिक करते हुए प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग भी की थी।

फेसबुक लाइव के बाद पिठोरिया थाना क्षेत्र स्थित उनके आवास पर उनकी मौत की खबर सामने आई। शुरुआती तौर पर इसे आत्महत्या का मामला बताया गया, लेकिन परिजनों ने घटना के पीछे साजिश की आशंका जताई और निष्पक्ष जांच की मांग की।

पिता की शिकायत में भी थे अजय तिर्की और ज्योत्सना के नाम

मौत के अगले दिन 7 नवंबर को निशा भगत के पिता हांदू भगत ने पिठोरिया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बेटी को लंबे समय से मानसिक और सामाजिक रूप से परेशान किए जाने का आरोप लगाया था। सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों और चरित्र को लेकर की जा रही टिप्पणियों का भी जिक्र किया गया था।

पिता ने जमीन के कारोबार से जुड़े कुछ लोगों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा समेत अन्य लोगों की जांच की मांग की थी। इसी शिकायत के आधार पर दर्ज मामले की जांच पहले स्थानीय पुलिस कर रही थी।

मुख्यमंत्री की अनुशंसा के बाद CBI के हाथों में जांच

निशा भगत की मौत का मामला सामने आने के बाद झारखण्ड की राजनीति में भी हलचल मची थी। भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने गुमला स्थित उनके पैतृक आवास पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की थी। भाजपा ने मामले को लेकर आंदोलन भी किया था। दूसरी ओर, राँची के वरीय पुलिस अधीक्षक ने पिठोरिया थाना प्रभारी को निलंबित कर लाइन हाजिर कर दिया था।

मामले की गंभीरता और लगातार उठ रहे सवालों के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने CBI जांच की अनुशंसा की थी। अब CBI की FIR और नामजद आरोपियों के आवास पर जांच टीम की पहुंचने से इस मामले में केंद्रीय एजेंसी की कार्रवाई शुरू हो गई है। पूरे मामले में अब सबकी निगाहें CBI की अगली कार्रवाई और जांच के नतीजों पर टिकी हैं।

 

error: Content is protected !!