राँची में अभिषेक भारती के समर्थन में उतरे कई पत्रकार, पुलिस कार्रवाई के खिलाफ DGP से करेंगे शिकायत
राँची।सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े मामले में डिजिटल मीडिया चैनल ‘द भारत मित्र’ और पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई ने अब तूल पकड़ लिया है। पुलिस की कार्रवाई को लेकर राँची के पत्रकारों ने कड़ा विरोध जताया है। पत्रकारों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले में डीजीपी तदाशा मिश्रा से हस्तक्षेप की मांग करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में पत्रकारों का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही डीजीपी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेगा।
इस मुद्दे को लेकर राँची प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें पत्रकार अभिषेक भारती के पिता और वरिष्ठ पत्रकार संपूर्णानंद भारती समेत कई पत्रकार मौजूद रहे। संपूर्णानंद भारती ने राँची और सिमडेगा पुलिस पर उनके परिवार को परेशान और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम और पुलिस की कार्रवाई की जानकारी डीजीपी को दी जाएगी, ताकि मामले में उचित हस्तक्षेप हो सके।
आधी रात मीडिया कार्यालय पहुंची थी पुलिस, उपकरण भी जब्त किए
गौरतलब है कि रविवार देर रात सिमडेगा और अरगोड़ा थाना की पुलिस विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े मामले में पीड़िता का इंटरव्यू प्रसारित करने वाले डिजिटल मीडिया चैनल ‘द भारत मित्र’ के कार्यालय पहुंची थी। पुलिस ने वहां से माइक समेत कई सामान जब्त कर अपने साथ ले लिया था। इस कार्रवाई के बाद पत्रकारों के बीच नाराजगी बढ़ गई है।
पुलिस कार्रवाई पर भाजपा नेताओं ने भी उठाए थे सवाल
पुलिस की कार्रवाई की सूचना मिलने के बाद भाजपा के पूर्व सांसद दीपक प्रकाश समेत कई भाजपा नेता भी मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे। भाजपा नेताओं का आरोप था कि दुष्कर्म के आरोपी की गिरफ्तारी करने के बजाय पुलिस खबर प्रसारित करने वाले मीडियाकर्मियों को परेशान कर रही है।
अब इस पूरे प्रकरण में राँची के पत्रकारों ने भी मोर्चा खोल दिया है। डीजीपी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपने के फैसले के बाद मामला और गरमा सकता है। पत्रकारों का प्रतिनिधिमंडल पुलिस कार्रवाई और मीडिया संस्थान के खिलाफ की गई कार्रवाई से जुड़े तमाम पहलुओं को पुलिस मुख्यालय के समक्ष रखेगा।

