पूर्व CM बाबूलाल मरांडी की DGP पर बयानबाजी के खिलाफ IPS एसोसिएशन का पलटवार, महिला पुलिस अधिकारी पर टिप्पणी की भी निंदा

 

राँची। झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के झारखण्ड पुलिस और पुलिस महानिदेशक (DGP) को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर की गई टिप्पणी के बाद विवाद गहराता नजर आ रहा है। भारतीय पुलिस पदाधिकारी एसोसिएशन, झारखण्ड चैप्टर ने बाबूलाल मरांडी की टिप्पणियों पर कड़ी नाराजगी जताते हुए उनकी भर्त्सना की है। एसोसिएशन ने कहा है कि पुलिस पदाधिकारियों को दलीय राजनीति का हिस्सा नहीं बनाया जाना चाहिए। इस तरह की टिप्पणियों से पूरे पुलिस बल के मनोबल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

दरअसल, बाबूलाल मरांडी ने आज एक्स पर झारखण्ड पुलिस की कार्यप्रणाली और नेतृत्व को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने विधायक भूषण बाड़ा प्रकरण में झारखण्ड पुलिस की भूमिका की आलोचना करते हुए लिखा कि पुलिस से उम्मीद होती है कि वह सच सामने लाएगी, पीड़ित को भरोसा देगी और कानून के अनुसार कार्रवाई करेगी। लेकिन जब पुलिस की कार्यप्रणाली ही सवालों के घेरे में आ जाए तो जनता न्याय की उम्मीद लेकर किस दरवाजे पर जाए?

मरांडी ने अपने पोस्ट में पुलिस नेतृत्व को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने लिखा कि जिस राज्य में पुलिस नेतृत्व को लेकर ही सवाल हों और यह चर्चा हो कि डीजीपी का काम भी एक सिपाही चला रहा है, वहां व्यवस्था की दशा का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने सवाल किया कि यदि इस चर्चा में सच्चाई है तो ऊंचे पद, बड़े कार्यालय और नियमों की किताबें किसलिए हैं? जनता को यह पता होना चाहिए कि जवाबदेही किसकी है और आदेश किसके चल रहे हैं।

विधायक भूषण बाड़ा के बयान और कांग्रेस पर भी साधा निशाना

बाबूलाल मरांडी ने अपने पोस्ट में आरोपी विधायक भूषण बाड़ा के उस बयान का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर अपनी ही पार्टी के लोगों द्वारा फंसाए जाने की बात कही है। मरांडी ने इस मुद्दे पर कांग्रेस नेताओं की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ विधायक अपनी पार्टी के लोगों पर आरोप लगा रहे हैं, तो दूसरी तरफ पार्टी के नेता बीजेपी पर आरोप लगा रहे हैं।

उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि विधायक की कहानी में साजिशकर्ता अपने ही लोग हैं और पार्टी की कहानी में बीजेपी है। मरांडी ने कहा कि आरोप लगाने से पहले आपस में बैठकर अपनी बातों में तालमेल तो बैठा लेना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस गंभीर प्रकरण में केवल बयानबाजी और एक-दूसरे पर आरोप लगाने से मामला समाप्त नहीं होगा। यदि विधायक को अपनी ही पार्टी के लोगों ने फंसाया है तो उन्हें नाम और प्रमाण सामने रखने चाहिए। वहीं, यदि पार्टी के पास बीजेपी की संलिप्तता के प्रमाण हैं तो उन्हें जांच एजेंसी के सामने रखना चाहिए।

मरांडी ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि आरोपों की सच्चाई और संबंधित लोगों की भूमिका का फैसला साक्ष्यों के आधार पर होना चाहिए। उन्होंने पुलिस को भी नसीहत देते हुए कहा कि उसकी जिम्मेदारी किसी राजनीतिक कहानी को विश्वसनीय बनाना नहीं, बल्कि तथ्यों को सामने लाना है। वर्दी की प्रतिष्ठा निष्पक्ष कार्रवाई से बचती है।

इधर, आईपीएस एसोसिएशन ने जताई कड़ी आपत्ति

बाबूलाल मरांडी की टिप्पणियों के बाद भारतीय पुलिस पदाधिकारी एसोसिएशन, झारखण्ड चैप्टर की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है। इसमें कहा गया है कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी द्वारा लगातार पुलिस महानिदेशक के विरुद्ध अवांछित टिप्पणियां की जा रही हैं। झारखण्ड पुलिस की मुखिया एवं कर्तव्यनिष्ठ महिला पुलिस पदाधिकारी के विरुद्ध जिस प्रकार की भाषा का प्रयोग बाबूलाल मरांडी अपने एक्स अकाउंट पर कर रहे हैं, उसकी एसोसिएशन कड़ी भर्त्सना करती है।

एसोसिएशन ने कहा कि भारतीय पुलिस सेवा के पदाधिकारियों को दलीय राजनीति का हिस्सा नहीं बनाया जाना चाहिए। ऐसा होने से संपूर्ण पुलिस बल के मनोबल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। संगठन ने राज्य के पुलिस प्रमुख एवं पुलिस विभाग की मुखिया के विरुद्ध इस तरह की टिप्पणियां नहीं करने का अनुरोध किया है।

एसोसिएशन का कहना है कि पुलिस विभाग के पदाधिकारियों को निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने देना चाहिए। राजनीतिक टिप्पणियों और आरोप-प्रत्यारोप से पुलिस बल का मनोबल प्रभावित होता है तथा संस्थान की गरिमा पर भी असर पड़ता है।

फिलहाल विधायक भूषण बाड़ा प्रकरण को लेकर राजनीतिक बयानबाजी के बीच बाबूलाल मरांडी की टिप्पणी और आईपीएस एसोसिएशन की प्रतिक्रिया ने झारखण्ड में एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। एक तरफ जहां मरांडी पुलिस की कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर सवाल उठा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ पुलिस पदाधिकारी एसोसिएशन ने पुलिस नेतृत्व के खिलाफ की जा रही टिप्पणियों पर कड़ी आपत्ति जताई है।

 

error: Content is protected !!