खूंटी में पेट्रोल पंप पर अपराधियों का तांडव, केबिन में घुसकर कर्मचारी को मारी गोली, काउंटर पर धमकी भरा पर्चा छोड़ राँची की ओर भागे

 

खूंटी।झारखण्ड के खूंटी जिले में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती दी है। शुक्रवार देर रात राँची-खूंटी मुख्य मार्ग पर स्थित पुष्पा फ्यूल सेंटर में तीन हथियारबंद अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। अपराधियों ने पेट्रोल पंप के केबिन में घुसकर वहां काम कर रहे 25 वर्षीय कर्मचारी अमित कुमार को गोली मार दी। गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी काउंटर पर एक पर्चा छोड़कर रांची की ओर फरार हो गए।

अपाचे बाइक से पहुंचे थे तीन हमलावर

घटना गुटजोरा पंचायत के जियारप्पा सीमा क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार तीन अपराधी हुटार की ओर से पुष्पा फ्यूल सेंटर पहुंचे। इसके बाद तीनों सीधे पेट्रोल पंप के केबिन में घुस गए। उस वक्त घाघरा गांव निवासी अमित कुमार वहां काम कर रहा था। अपराधियों ने उस पर गोली चला दी। गोली लगते ही पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई।

गोलीबारी के बाद पर्चा छोड़कर फरार

इस वारदात में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि कर्मचारी को गोली मारने के बाद अपराधियों ने पेट्रोल पंप के काउंटर पर एक पर्चा भी छोड़ा। बताया जा रहा है कि पर्चे में एक संगठन का नाम और सहयोग से जुड़ी बातें लिखी हुई हैं। हालांकि, पर्चे के जरिए अपराधियों ने क्या संदेश देने की कोशिश की, इसकी पुलिस जांच कर रही है। घटना के बाद तीनों हमलावर बाइक से रांची की दिशा में भाग निकले।

तीन खोखे बरामद, CCTV में कैद हुए अपराधी

गोलीबारी की सूचना मिलते ही खूंटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे और छोड़ा गया पर्चा बरामद किया है। पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरों में तीनों अपराधियों की गतिविधियां कैद हुई हैं। पुलिस फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है।

गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

खूंटी थाना प्रभारी बाबू बंशी साव ने बताया कि पेट्रोल पंप पर गोलीबारी की घटना की जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले खोखे, पर्चे और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

 

error: Content is protected !!