ब्राउन शुगर तस्कर के बचाव में पुलिस से भिड़े लोग, टाइगर मोबाइल जवान की पिटाई, इलाके में हड़कंप

 

राँची।राजधानी राँची के हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र का निजाम नगर बुधवार रात को अचानक पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच हुई झड़प से तनावपूर्ण हो गया। बताया जा रहा है कि पुलिस टीम ब्राउन शुगर की कथित तस्करी के आरोपी को पकड़ने के लिए इलाके में पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान टाइगर मोबाइल के जवानों और स्थानीय लोगों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट और झड़प में बदल गया।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि निजाम नगर इलाके में ब्राउन शुगर की कथित तस्करी से जुड़ा एक व्यक्ति मौजूद है।सूचना के आधार पर टाइगर मोबाइल के जवान आरोपी को पकड़ने के लिए मौके पर पहुंचे। पुलिस की कार्रवाई के दौरान किसी बात को लेकर स्थानीय लोगों और जवानों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि स्थानीय लोगों और टाइगर मोबाइल के जवानों के बीच जमकर धक्का-मुक्की और मारपीट हुई। इस दौरान एक टाइगर मोबाइल जवान के घायल होने की सूचना है। बताया जाता है तस्कर को पकड़ने के दौरान कुछ लोगों ने तस्कर का साथ देते हुए पुलिस जवान से भिड़ गया।उसके बाद मुख्य तस्कर को भागने का मौका मिल गया।

हंगामे की सूचना पर कई थानों की पुलिस पहुंची
इधर ,झड़प की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी कोतवाली के साथ हिंदपीढ़ी थाना, कोतवाली थाना समेत कई थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और इलाके में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई।घटना के बाद निजाम नगर में तनाव का माहौल बन गया। एहतियात के तौर पर पुलिस लगातार इलाके में निगरानी कर रही है।वहीं पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है।

फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ब्राउन शुगर की कथित तस्करी के आरोपी को पकड़ने के दौरान आखिर विवाद की शुरुआत कैसे हुई और झड़प किस परिस्थिति में हुई। पुलिस स्थानीय लोगों और मौके पर मौजूद जवानों से जानकारी जुटा रही है।सबसे बड़ा सवाल यह भी है कि नशे के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम और स्थानीय लोगों के बीच अचानक टकराव इतना कैसे बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। पुलिस अब घटनाक्रम के हर पहलू की जांच कर रही है।फिलहाल इलाके में पुलिस बल की मौजूदगी बनी हुई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

 

error: Content is protected !!