हजारीबाग में कोढ़ा गैंग पर पुलिस का सर्जिकल स्ट्राइक: कुख्यात अपराधियों सहित 8 गिरफ्तार, 100 से अधिक छिनतई की घटनाओं का पर्दाफाश

​हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग पुलिस ने बिहार और झारखण्ड में आतंक का पर्याय बने अंतरराज्यीय ‘कोढ़ा गैंग’ के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। लोहसिंघना थाना क्षेत्र से पुलिस की विशेष छापेमारी टीम ने गैंग के कुख्यात सदस्यों और उनके लोकल नेटवर्क के साथ कुल 8 अपराधियों को धर दबोचा। अपराधियों के पास से लूटे गए सोने के आभूषण, फर्जी नंबर प्लेट लगी चोरी की मोटरसाइकिलें और घटना में इस्तेमाल होने वाला खुजली पाउडर बरामद किया गया है।

हजारीबाग झील के पास घेराबंदी कर दबोचे गए शातिर

एसपी अमन कुमार ने बुधवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 1 सितंबर 2026 को सूचना मिली कि कोढ़ा गैंग के अपराधी शहर में छिनतई की नीयत से घूम रहे हैं।एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ सदर रूपक कुमार के नेतृत्व में गठित एंटी-क्राइम चेकिंग टीम ने त्वरित कार्रवाई की। हजारीबाग झील के पास एंटी-क्राइम चेकिंग के दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे, जिन्हें पुलिस टीम ने खदेड़कर पकड़ा।

चोरी की बाइक और फर्जी नंबर प्लेट से देते थे चकमा

पूछताछ में अपराधियों ने बताया कि वे चोरी की मोटरसाइकिलों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बैंक, पोस्ट ऑफिस और व्यस्त बाजारों में रेकी करते थे। वे सोने-चांदी के आभूषण छीनने और कैश लूटने के लिए खुजली पाउडर का इस्तेमाल करते थे। गिरोह ने बिहार और झारखण्ड के विभिन्न जिलों में 100 से ज्यादा वारदातों को अंजाम दिया है।

चौपारण से चलता था लोकल नेटवर्क

छानबीन में सामने आया कि चौपारण बस स्टैंड के पास गैरेज चलाने वाले तीन सगे भाई (अरशद, अजहर और अफ़सर खान) इस गैंग को शरण देते थे, चोरी की बाइक छिपाकर रखते थे और छिनतई की राशि में हिस्सा लेते थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन तीनों को भी गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अपराधियों का ब्योरा

अमन यादव (32 वर्ष), सन्नी कुमार (24 वर्ष), रितिक कुमार यादव (24 वर्ष), मिट्ठू यादव (41 वर्ष) एवं सावन कुमार (सभी निवासी: नया टोला जुराबगंज, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार, बिहार)

अरशद खान, अजहर खान एवं अफ़सर खान (तीनों निवासी: मरहेड़ी, थाना चौपारण, जिला हजारीबाग)

जब्त सामग्री

सोने के आभूषण: लगभग 27 ग्राम

चोरी की मोटरसाइकिलें: 04

खुजली पाउडर: 23 पुड़िया

फर्जी नंबर प्लेट: 06

की-पैड मोबाइल: 06

गिरोह ने हजारीबाग सदर, कोर्रा, लोहसिंघना के अलावा रांची, चतरा, गिरिडीह और रामगढ़ में छिनतई के 60 से अधिक मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

error: Content is protected !!