झाड़-फूंक के बाद कमरे में सो रहा था पुजारी, तड़के चाकू लेकर उठा युवक… गर्दन पर किए ताबड़तोड़ वार, हत्या के बाद गांव में मचा हड़कंप
चाईबासा। झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र के बड़ैला गांव में बुधवार तड़के हुई एक सनसनीखेज हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया। झाड़-फूंक और पूजा-पाठ के बाद कमरे में सो रहे पुजारी की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 42 वर्षीय गोरा अंगरिया के रूप में हुई है। हत्या का आरोप गांव के ही 24 वर्षीय पोंडे राम अंगरिया पर लगा है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि पोंडे राम पिछले कुछ दिनों से कथित तौर पर अजीबोगरीब हरकतें कर रहा था। परिजनों को लगा कि वह मानसिक रूप से परेशान है। इसके बाद मंगलवार रात उसके घर में झाड़-फूंक और पूजा-पाठ कराया गया। इसमें पुजारी गोरा अंगरिया, डाकुवा मुखी राम अंगरिया समेत गांव के कई लोग शामिल हुए थे।
पूजा खत्म हुई, लोग लौटे… लेकिन तीन लोग उसी कमरे में सो गए
देर रात पूजा-पाठ खत्म होने के बाद अधिकांश ग्रामीण अपने-अपने घर चले गए। पुजारी गोरा अंगरिया और डाकुवा मुखी राम अंगरिया वहीं रुक गए। आरोपी पोंडे राम भी उसी कमरे में सोया हुआ था। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही घंटे बाद इसी कमरे में खूनी वारदात होने वाली है।बुधवार तड़के करीब 4:30 बजे अचानक पोंडे राम ने धारदार चाकू से सो रहे पुजारी गोरा अंगरिया पर हमला कर दिया। उसने पुजारी की गर्दन पर लगातार वार किए। अचानक हुए हमले से डाकुवा मुखी भी सकते में आ गया। जब तक वह कुछ समझ पाता, आरोपी कमरे से निकलकर फरार हो चुका था।
खून से लथपथ मिला पुजारी का शव, गांव में पसरा सन्नाटा
हमले के बाद डाकुवा मुखी ने तत्काल गांव के मुंडा गोमा अंगरिया और पुलिस को सूचना दी। खबर फैलते ही सुबह बड़ैला गांव में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटनास्थल का मंजर देखकर लोग दहशत में आ गए।सूचना पर गोइलकेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है।
हत्या के बाद जंगल-इलाके में आरोपी की तलाश तेज
पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी पोंडे राम अंगरिया की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आखिर आरोपी ने पुजारी की हत्या क्यों की। क्या पूजा-पाठ और झाड़-फूंक की घटना का हत्या से कोई सीधा संबंध है या इसके पीछे कोई और वजह थी, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।फिलहाल आरोपी के फरार होने से गांव में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद हत्या की असली वजह सामने आएगी।

