राँची रेलवे स्टेशन को मिला ‘बेस्ट केप्ट स्टेशन शील्ड-2026’ का खिताब

 

राँची।यात्री सुविधाओं के विस्तार, अव्वल दर्जे की स्वच्छता और बुनियादी ढांचे के उत्कृष्ट रखरखाव के दम पर राँची रेलवे स्टेशन ने पूरे दक्षिण पूर्व रेलवे जोन में अपनी श्रेष्ठता साबित की है। स्टेशन को इस शानदार प्रदर्शन के लिए प्रतिष्ठित ‘बेस्ट केप्ट स्टेशन शील्ड-2026’ के सम्मान से नवाजा गया है। कोलकाता स्थित दक्षिण पूर्व रेलवे मुख्यालय में आयोजित वार्षिक दक्षता शील्ड वितरण समारोह के दौरान महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने राँची रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक विनोद कुमार को यह प्रतिष्ठित शील्ड सौंपी।

डीआरएम ने स्टेशन पर प्रदर्शित की शील्ड, टीम की पीठ थपथपाई

मंगलवार को मंडल रेल प्रबंधक करुणा निधि सिंह ने इस शील्ड को राँची स्टेशन पर आम यात्रियों और रेलकर्मियों के समक्ष प्रदर्शन के लिए स्थापित किया।इस दौरान डीआरएम ने स्टेशन प्रबंधक सतीश कुमार, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक बिपिन कुमार और मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक महेंद्र सिंह सहित ग्राउंड लेवल पर काम करने वाले सभी रेलकर्मियों की निष्ठा और मेहनत की जमकर सराहना की।

हर कोने की नियमित निगरानी और सफाई से मिली कामयाबी

डीआरएम ने कहा कि स्टेशन परिसर, सभी प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज, लिफ्ट, प्रतीक्षालय (वेटिंग हॉल), पार्किंग और सर्कुलेटिंग एरिया की 24 घंटे नियमित सफाई और देखरेख के कारण ही यह उपलब्धि हासिल हो सकी है। इस सफलता में स्टेशन प्रबंधन के साथ-साथ स्वास्थ्य, वाणिज्य, परिचालन और यांत्रिक विभाग के आपसी तालमेल की सबसे अहम भूमिका रही है।इस विशेष मौके पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्रेया सिंह, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता राजीव रंजन और मंडल परिचालन प्रबंधक बीएन शर्मा भी मुख्य रूप से उपस्थित थे।

error: Content is protected !!