ड्यूटी के दौरान CISF सब-इंस्पेक्टर की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल पहुंचते ही मौत; दो साल बाद होने वाले थे रिटायर

 

कोडरमा। झारखण्ड के कोडरमा थर्मल पावर स्टेशन (KTPS) की सुरक्षा में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के सब-इंस्पेक्टर श्याम सिंह की ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद CISF परिसर से लेकर सदर अस्पताल तक शोक का माहौल है। श्याम सिंह मूल रूप से उत्तराखंड के पिथौरागढ़ के रहने वाले थे और करीब एक वर्ष पहले ही उनकी पदस्थापना KTPS की CISF इकाई में हुई थी। बताया जा रहा है कि वह सेवा पूरी करने के बाद करीब दो साल में सेवानिवृत्त होने वाले थे।

जानकारी के अनुसार, सोमवार की देर रात श्याम सिंह अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। करीब 12:30 बजे अचानक उन्हें बेचैनी महसूस हुई। उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी अपने सहकर्मियों को दी। सूचना मिलते ही साथी जवान उनके पास पहुंचे। उनकी हालत गंभीर देख CISF कर्मियों ने तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था की और उन्हें इलाज के लिए कोडरमा सदर अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने उनकी जांच की, लेकिन उनकी हालत बेहद गंभीर थी। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ड्यूटी के दौरान अचानक हुई इस घटना से साथी जवानों में भी शोक की लहर दौड़ गई।

घटना की जानकारी श्याम सिंह के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।कोडरमा सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि सोमवार की रात CISF जवान को अस्पताल लाया गया था। अस्पताल पहुंचने के समय उनकी स्थिति ठीक नहीं थी और उनकी मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि मेडिकल बोर्ड का गठन कर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।

फिलहाल पुलिस और CISF की ओर से मामले में आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि श्याम सिंह की मौत किस वजह से हुई। घटना ने KTPS की सुरक्षा में तैनात CISF जवानों और अधिकारियों को भी स्तब्ध कर दिया है।

error: Content is protected !!